अब किसान खुद तैयार करेंगे अपने नुकसान की रिपोर्ट, ऐसे पहुंचेगा फायदा

चंडीगढ़ । हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के उत्तर में बोलते हुए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने किसानों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर दी है. डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछली दिनों हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए स्पेशल गिरदावरी करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने वाले दिनों में किसानों को यह अधिकार भी देने जा रही है कि वें अपने नुकसान की रिपोर्ट बनाकर ऑनलाइन अपलोड कर सकें.

Dushyant Choutala

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से अंबाला, यमुनानगर, कैथल, जींद, सोनीपत, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़, रोहतक व हिसार में हुए नुकसान की रिपोर्ट आई है जबकि फरीदाबाद, नूंह, गुरुग्राम, पलवल, झज्जर, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला तथा सिरसा में फसलों को नुकसान की जीरो फीसदी रिपोर्ट प्राप्त हुई है.

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बताया कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 5 अगस्त से 5 सितंबर तक खरीफ फसलों की तथा एक फरवरी से एक मार्च तक रबी फसलों की सामान्य गिरदावरी करवाई जाती है. चौटाला ने बताया कि सामान्य गिरदावरी होने के बाद फसलों को जो हाल ही में नुकसान पहुंचा है, उसकी भरपाई के लिए 2 मार्च 2022 को सभी उपायुक्तो को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्पेशल गिरदावरी करवाकर फसलों में हुए नुकसान की रिपोर्ट सरकार को भेजें.

यह भी पढ़े -  HTET 2025 परीक्षा केंद्रों को लेकर बड़ा अपडेट, 3 दिन में भेजनी होगी भवनों की सहमति

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सदन में बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक आपदा से फसलों में हुए नुकसान के लिए दी जाने वाली मुआवजा राशि हेतु बनाए गए मानदंड केन्द्र सरकार के मानदंडों की तुलना में अधिक है. उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 75% या इससे ज्यादा नुकसान होने पर 15,000 रुपए प्रति एकड़, 50-75% नुकसान होने पर 12,000 रुपए प्रति एकड़ तथा 25-50% नुकसान होने पर 9000 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा राशि जारी की जाती है.

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने विधानसभा में विधायकों द्वारा जलभराव की समस्या पर जवाब देते हुए कहा कि हमारी सरकार ने सेम व जलभराव की समस्या के समाधान हेतु 450 करोड़ रुपए के बजट की एक योजना तैयार की है. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को लेकर सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही है और प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुक़सान की भरपाई के लिए मुआवजा राशि जारी करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.