फरीदाबाद | हरियाणा में वाहन चालकों को टोल टैक्स में बढ़ोतरी के रुप में लगातार झटके लग रहें हैं. अब बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली आवागमन करने वाले वाहन चालकों को टोल टैक्स की बढ़ी हुई दरों का भुगतान करना होगा. बुधवार देर रात यानि 1 सितंबर से टोल टैक्स की नई दरें लागू हो गई है. बता दें कि बदरपुर टोल प्लाजा पर हर साल एक सितंबर को टोल टैक्स की दरों में वृद्धि की जाती है.
बदरपुर बॉर्डर पर स्थित टोल प्लाजा का जिम्मा संभाल रही कंपनी द्वारा टोल की दरों में चार रुपए से लेकर 11 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है. एक तरफ और एक से अधिक बार आवागमन करने व मासिक पास आदि सभी श्रेणियों में दरों में बढ़ोतरी हुई है. टोल बढ़ोतरी की नई दरें लागू होने से करीब 60 हजार वाहन चालकों को महंगाई का सीधा झटका लगेगा. नई दरें लागू होने पर अब आपको अपनी गाड़ी से बदरपुर टोल प्लाजा पार करने के लिए 32 रुपए चुकाने होंगे जबकि पहले यह रेट 28 रुपए था.
वहीं हल्के वाणिज्यिक वाहनों को टोल प्लाजा पार करते समय अब 6 रुपए ज्यादा चुकाने होंगे जबकि भारी वाहनों को 11 रुपए अतिरिक्त भुगतान करना होगा. नई दरें लागू होने के बाद मासिक पास के लिए भी अधिक पैसा चुकाना होगा. कार के लिए पहले मासिक पास के रुप में 845 रुपए देने पड़ते थे तो वहीं अब 955 रुपए का भुगतान करना होगा. पिछले कुछ सालों के मुकाबले इस बार टोल दरों में अच्छी- खासी बढ़ोतरी की गई है.
पुरानी टोल दरें
वाहन एक तरफ एक से अधिक बार मासिक पास
कार, जीप,वैन 28 45 845
हल्के वाहन 42 63 1267
भारी वाहन 84 127 2535
नई टोल दरें
वाहन एक तरफ एक से अधिक बार मासिक पास
कार,जीप, वैन 32 48 955
हल्के वाहन 48 72 1432
भारी वाहन 95 143 2884
