अंबाला | रेलयात्रियों के सफर को आसान बनाने की दिशा में भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली से अंबाला तक 2 और अंबाला से वाया लुधियाना होते हुए जालंधर तक 1 नई रेल लाइन बिछाने की योजना बनाई गई है. अब इस योजना के तहत, भूमि अधिग्रहण समेत अन्य कार्यों को पूरा किया जाएगा.
तैयार होगी रूपरेखा
इन 3 नई रेल लाइनों के बिछने से जहां समय पर ट्रेनें संचालित हो सकेगी तो वही दूसरी ओर नई ट्रेनों के संचालन की रूपरेखा तैयार होगी. वर्तमान में दिल्ली से अंबाला होते हुए जम्मू तक डबल रेलवे ट्रैक है लेकिन जिस हिसाब से निरंतर नई ट्रेनों को पटरी पर उतारा जा रहा है, उसको ध्यान में रखते हुए रेलवे ने नई रेलवे लाइनें बिछाने का प्रस्ताव तैयार किया है.
इसके तहत, दिल्ली से अंबाला और फिर अंबाला से लुधियाना- जालंधर तक लगभग 153 किलोमीटर का सर्वे करते हुए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करके रेलवे के पास भेजी गई थी, इसको रेलवे ने अपनी मंजूरी दे दी है. अब इस योजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाने के लिए अंबाला प्रशासन की मदद ली जा रही है, ताकि जमीन मिलते ही नई रेल लाइन बिछाने का काम शुरू किया जा सकें.
बैठक में दी गई जानकारी
प्रस्तावित नई रेल लाइनों को लेकर अंबाला डीसी आफिस में एक बैठक हुई थी, जिसमें रेलवे विभाग की कंस्ट्रक्शन विंग के कार्यकारी अभियंता निर्मल सिंह ने बताया कि दिल्ली से अंबाला तक 2 नई रेल लाइन प्रस्तावित हैं. अंबाला से लुधियाना- जालंधर तक भी तीसरी अतिरिक्त रेलवे लाइन बिछाई जाएगी.
बैठक के दौरान डीसी अजय सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रस्तावित रेल लाइनों के तहत जो भी कार्य जैसे भूमि अधिग्रहण व अन्य किए जाने हैं, उसके लिए रेलवे सहित संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें.
