रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, अब सफर के दौरान AC श्रेणी में मिलेगी यह सुविधा

अंबाला | त्योहारी सीजन पर भारतीय रेलवे (Indian Railways) के रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. अब इन कर्मचारियों के साथ सहायक को भी एसी श्रेणी में सफर करने की सुविधा मिलेगी. लगातार मिल रही शिकायतों पर गौर करते हुए रेलवे ने यह सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला लिया है.

Railway Station

इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

भारतीय रेलवे की इस सुविधा का लाभ 70 साल या इससे ज्यादा उम्र के रिटायर्ड कर्मचारियों को मिलेगा और वह अपने साथ एसी कोच में सहायक को ले जा सकेंगे. इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए इन कर्मियों को कुछ शुल्क का भुगतान करना होगा, जो मूल किराए का एक तिहाई होगा और उसे टिकट बुकिंग के समय जमा करवाना जरूरी रहेगा. इसके बाद ही रिटायर कर्मचारी और उसके सहायक को टिकट जारी की जाएगी.

पहले यह थी सुविधा

रेलवे के अनुसार रिटायर्ड रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों को रेल पास पर प्रथम व द्वितीय एसी श्रेणी में सफर की अनुमति प्रदान की गई है. इस दौरान वो अपने साथ एक सहायक को निशुल्क ले जा सकता हैं. रेलवे की भाषा में इसे अटेंडेंट की संज्ञा दी गई है लेकिन सहायक को स्लीपर श्रेणी में ही यात्रा करनी पड़ती थी. अब एसी श्रेणी के मूल किराए का तृतीय हिस्सा जमा करवाने पर सहायक भी रेलवे कर्मचारी के साथ एसी कोच में सफर कर पाएगा.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में जलभराव खत्म करने की तैयारी, 266 किमी नालों का होगा निर्माण और सुधार

ऐसे समझें उदाहरण

पश्चिम एक्सप्रेस में अंबाला से मुंबई तक का प्रथम एसी का किराया 5250 रुपये हैं और स्लीपर श्रेणी का 750 रुपये है. इन दोनों किराए का अंतर 4500 रुपये है. इसका एक तिहाई 1500 रुपये बनते हैं तो 70 साल वाले रिटायर कर्मचारी को अपने सहायक के लिए 1500 रुपये का भुगतान करना होगा ताकि वो प्रथम एसी श्रेणी में सहायक को अपने साथ यात्रा करवा सके. इसके अलावा एसी का आरक्षण शुल्क भी देय होगा.

रिटायर्ड कर्मचारियों को सफर के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता था क्योंकि वो खुद एसी श्रेणी में होते थे और उनके सहायक स्लीपर में. अब एक तिहाई किराया जमा करवाने के बाद वो एसी कोच में ही सहायक को अपने साथ रख सकेंगे. इससे उन्हें काफी राहत मिलेगी- नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.