हरियाणा की बेटी दीक्षा मलिक ने रचा इतिहास, विश्व चैंपियन को हराकर कुश्ती में गोल्ड मेडल किया अपने नाम

भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले की प्रतिभाशाली पहलवान दीक्षा मलिक (Diksha Malik) ने अपनी शानदार जीत से प्रदेश का मान बढ़ाया है. दरअसल, अजीतपुर गांव की इस बेटी ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी खेलों में वर्ल्ड चैंपियन को मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. दीक्षा की इस उपलब्धि से न केवल जिले में बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है.

Diksha Malik Bhiwani

स्वर्ण पदक पर किया कब्जा

इस बारे में जानकारी देते हुए दीक्षा के कोच मनदीप ने बताया कि पंजाब के भटिंडा स्थित गुरु काशी विश्वविद्यालय में यह प्रतियोगिता 14 से 17 जनवरी तक आयोजित हुई. 72 किलोग्राम भार वर्ग की कुश्ती स्पर्धा में दीक्षा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. खास बात यह रही कि उन्होंने फाइनल में वर्ल्ड चैंपियन को हराकर यह उपलब्धि हासिल की.

परिवार में खुशी का माहौल

दीक्षा की इस शानदार उपलब्धि पर उनके पिता सुरेश कुमार गर्व से कहते हैं, “मेहनत करने वालों की कभी भी हार नहीं होती. बस उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें मौका देने की देर है. फिर सफलता कदम चूमती है.”

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

उनके चाचा बिंद्रबोस ने कहा, “आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं है. चाहे वो खेल का क्षेत्र हो, या फिर शिक्षा का. बेटियों ने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है. दीक्षा की उपलब्धि अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी. इससे उन्हें आगे बढ़कर अपने सपनों की उड़ान भरने के लिए प्रोत्साहित करेगी.”

परिवार और कोच को दिया सफलता का श्रेय

अपनी इस शानदार जीत पर दीक्षा मलिक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच और परिवार को दिया. उन्होंने कहा कि मेरा यह सफर आसान नहीं था, लेकिन मेरे परिवार और कोच के सपोर्ट से ही मैं इस मुकाम तक पहुंच पाई हूं. आगे भी मैं अपनी मेहनत जारी रखूंगी. दीक्षा अब अपनी अगली प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुट गई हैं. उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts