चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र जारी है. इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है. मानसून सत्र के दौरान नूह से कांग्रेस विधायक अहमद आफताब ने शिक्षकों को लेकर सवाल पूछा. इस पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की तरफ से जवाब दिया गया कि शिक्षकों की भर्ती को शिक्षा विभाग द्वारा जल्द ही पूरा किया जाएगा.
जल्द भरे जाएंगे खाली पद
हरियाणा के 14,295 सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के 16,840 पद खाली है. कुल 1,21,020 शिक्षकों के पद स्वीकृत है, जबकि 1,04,180 शिक्षक ड्यूटी कर रहे है. इन रिक्त पदों की प्रक्रिया को शिक्षा विभाग द्वारा जल्द पूरा किया जाएगा. शिक्षा मंत्री ने सदन को जानकारी दी कि पूरे प्रदेश में प्रधानाचार्य के 2575 पद स्वीकृत है और 332 पद खाली है.
इस प्रकार है पदों की संख्या
इसी प्रकार मुख्याध्यापकों के 916 में 819, पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (पीजीटी) में 37738 में 8519, मौलिक स्कूल मुख्य अध्यापक में 2204 में 30, टीजीटी 39828 में 4583 और प्राथमिक शिक्षक व मुख्य शिक्षक के 37759 पदों में से 2557 शिक्षकों के पद खाली है.
पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन के सवाल पर ढांडा ने सदन को बताया कि पंचकूला जिले के अलीपुर गांव में स्थापित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में कक्षाओं के पांच कक्ष है, जिनमें से एक कक्ष को कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) पंचकूला द्वारा कंडम कहा गया है.
जल्द मिलेगी धनराशि
नए कमरें को चहारदीवारी व शौचालय सुविधाओं के लिए 40.85 लाख रुपये का अनुमान मिला है. प्रशासनिक मंजूरी एवं धनराशि जारी करना प्रक्रिया के अनुसार होगा, इसे जल्द ही प्रदान कर दिया जाएगा. स्कूल में 3 प्राथमिक शिक्षक के पद स्वीकृत है. वर्तमान में, तीन नियमित पीआरटी एवं एक गेस्ट पीआरटी कार्य कर रहा है.
