चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार ने 5वें और छठे वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके महंगाई भत्ता (DA) में बढ़ोतरी का तोहफा दिया है.

हरियाणा में कर्मचारियों के DA में हुई बढ़ोतरी
वित्त विभाग की ओर से जारी आदेशों के बाद अब कर्मचारियों को बढ़े हुए DA के साथ एरियर का लाभ भी मिलेगा. सरकार के फैसले के अनुसार, पांचवें वेतन आयोग का लाभ ले रहे कर्मचारियों के DA में 9% की बढ़ोतरी की गई है जिसके बाद यह बढ़कर 474% से 483% हो गया है.
छठे वेतन आयोग के अंतर्गत वेतन पाने वाले कर्मचारियों के DA में 5% की बढ़ोतरी हुई है जिसके बाद यह बढ़कर 257% से 262% हो गया है. वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा. ऐसे में कर्मचारियों को जून में मिलने वाले मई माह के वेतन के साथ संशोधित DA का फायदा मिलेगा.
इसके अलावा जनवरी से अप्रैल तक का चार महीने का एरियर भी एकमुश्त दिया जाएगा. वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
पेंशनर्स के लिए मायूसी
5वें और छठे वेतन आयोग के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को फिलहाल बढ़े हुए DA का लाभ नहीं मिलेगा. वित्त विभाग ने अभी पेंशनरों के लिए अलग से कोई आदेश जारी नहीं किया है. हालांकि माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी को लेकर भी फैसला ले सकती है.