चंडीगढ़ | हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 13 अगस्त को होगी. बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर अहम फैसला लिया जा सकता है. माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में सत्र की तारीख पर मुहर लग सकती है. सूत्रों के अनुसार, हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र अगस्त के आखिरी सप्ताह या सितंबर के पहले सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है.

सत्र की अंतिम तारीख का फैसला कैबिनेट की बैठक में ही होगा. सरकार की ओर से बैठक में अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है. विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर अभी तारीख तय नहीं हुई है.
हरियाणा मंत्रिमंडल बैठक
13 अगस्त को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में इस पर चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा. इसके बाद, विधानसभा का सत्र कितने दिन चलेगा, इसका फैसला बिजनेस एडवाइजरी कमेटी करेगी. विधानसभा सत्र के दौरान सरकार की ओर से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और जरूरी विधायी कार्य किए जाएंगे. वहीं विपक्ष की ओर से भी सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी की जा सकती है.
राज्यपाल से मिले CM
मानसून सत्र को लेकर गतिविधियां तेज होने के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दो दिन पहले राज्यपाल से भी मुलाकात कर चुके हैं. अब 13 अगस्त को होने वाली कैबिनेट बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बैठक में सत्र की तारीख तय होने के बाद सरकार की ओर से विधानसभा सचिवालय को इसकी जानकारी दी जाएगी. इसके आधार पर आगे की कार्यवाही शुरू होगी.