भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) के सचिव पद का अतिरिक्त कार्यभार ADC दीपक बाबूलाल करवा ने संभाल लिया है. कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर बेहतर करना उनकी प्राथमिकता रहेगी. नई शिक्षा नीति को प्रभावी तरीके से लागू करने के साथ विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे.

दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि बोर्ड की परीक्षाओं को बेहतर और भरोसेमंद बनाने के लिए पहले से किए जा रहे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे. परीक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
HBSE ने संभाली जिम्मेदारी
नवनियुक्त सचिव ने कहा कि बोर्ड अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर उनके सक्रिय सहयोग और भागीदारी से कार्यालय में बेहतर कार्य परिवेश तैयार किया जाएगा. इससे बोर्ड की कार्यप्रणाली में तेजी आएगी और बोर्ड को अधिक छात्र हितैषी बनाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि फिलहाल वह बोर्ड की कार्यप्रणाली को समझने पर ध्यान देंगे. इसके बाद अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन करते हुए सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का प्रयास करेंगे.
बैच के IAS अधिकारी
दीपक बाबूलाल करवा का जन्म 21 मई 1992 को हुआ था. वह भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 2020 बैच के अधिकारी हैं और हरियाणा कैडर में कार्यरत हैं. वर्तमान में वह अतिरिक्त उपायुक्त- सह- जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी के पद पर भिवानी और चरखी दादरी में सेवाएं दे रहे हैं. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव पद का अतिरिक्त कार्यभार संभालने के दौरान बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने दीपक बाबूलाल करवा का अभिनंदन किया. इस दौरान बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनका स्वागत किया.