चंडीगढ़ | हरियाणा में ग्रुप सी पदों की भर्ती के लिए 26-27 जुलाई को आयोजित सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) में शामिल हुए युवाओं को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से राहत दी गयी है. आपको बता दें कि आयोग द्वारा करेक्शन पोर्टल की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है. जो युवा करेक्शन पोर्टल पर अपने दस्तावेज ठीक नहीं कर पाए उनके पास अब भी सुधार करने का मौका है.
28 अक्टूबर तक खुला पोर्टल
आयोग द्वारा पहले 17 से 124 अक्टूबर तक करेक्शन पोर्टल खोला गया था, मगर बड़ी संख्या में युवा दस्तावेजों की गड़बड़ी ठीक नहीं करा पाए. इसके चलते एचएसएससी ने अब पोर्टल को 28 अक्टूबर तक के लिए ओपन करने का निर्णय लिया है. अब युवा मंगलवार रात 11:59 मिनट तक दस्तावेज ठीक कराए जा पाएंगे.
इसके बाद नहीं मिलेगा अतिरिक्त समय
एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने साफ किया कि अभ्यर्थी इस अवधि में अपने आवेदन की जानकारी में जरूरी सुधार अवश्य कर लें ताकि परिणाम जारी करने की प्रक्रिया जल्दी पूरी की जा सके. 28 अक्टूबर के बाद किसी भी स्थिति में अतिरिक्त वक़्त नहीं दिया जाएगा. इसके साथ ही, करेक्शन पोर्टल को लेकर इंटरनेट मीडिया तथा अन्य माध्यमों पर फैलाए जा रहे भ्रम को लेकर कहा गया कि कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं. ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाएगा व इनपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हरियाणा कोर्ट के आदेशों के अनुसार खुला पोर्टल
उन्होंने बताया कि करेक्शन पोर्टल पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में सिर्फ अनुसूचित जाति (एससी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के उन अभ्यर्थियों के लिए खोला गया है, जिन्होंने वैलिड प्रमाणपत्र के अभाव में अपना आवेदन जनरल केटेगरी में जमा किया था.
ऐसे अभ्यर्थी जो उपरोक्त तीन आरक्षित श्रेणियों से जुड़े हुए हैं तथा जिनके पास अब वैध प्रमाणपत्र मौजूद है, उन्हें अपने मूल आरक्षित श्रेणी में सुधार करने का एकमात्र मौका दिया गया है. ऐसे में यह युवा अब 28 अक्टूबर तक पोर्टल पर सुधार कर सकते हैं.
