चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने होली पर्व से पहले ही प्रदेश के पेंशनर्स को बड़ी खुशखबरी दी है. बता दें कि प्रदेश सरकार की ओर से 13 कैटेगरी की पेंशनों में 200 रुपए की बढ़ोतरी की गई है. इस बढ़ोतरी के बाद अब पेंशनर्स को हर महीने 3,200 रुपए से लेकर 14 हजार रुपए तक पेंशन मिलेगी.
हरियाणा सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन
मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देश पर इस संबंध में सोशल वेलफेयर विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ये बढ़ी हुई पेंशन 2 दिनों के भीतर जारी करने का निर्देश दिया है. हरियाणा में अभी तक 9 कैटेगरी की पेंशन में लाभार्थियों को हर महीने 3 हजार रुपए की धनराशि दी जा रही थी लेकिन अब 200 रुपए की बढ़ोतरी के बाद हर महीने 3,200 रुपए दिए जाएंगे. इसके साथ ही उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि अब किसी भी पेंशनर्स की पेंशन को न रोका जाए और ना ही होल्ड किया जाए.
हरियाणा में इन्हें मिलती है पेंशन
प्रदेश सरकार के सामाजिक अधिकारिता विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग, विधवा महिलाओं, बेसहारा बच्चे, विधुर, अविवाहित और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को हर महीने पेंशन का लाभ दिया जाता है. प्रदेश में सबसे ज्यादा पेंशन राशि में बढ़ोतरी एसिड अटैक विक्टिम की हुई है. इन्हें अब पहले के मुकाबले 500 से 900 रुपए तक ज्यादा मिलेंगे. प्रदेश सरकार ने अब इस पेंशन राशि में बढ़ोतरी कर इन लोगों को होली पर्व से पहले ही बड़ी सौगात दी है.
हरियाणा परिवार पहचान पत्र (PPP) के स्टेट कोऑर्डिनेटर सतीश खोला ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से बढ़ी हुई पेंशन का लाभ नवंबर 2025 से मिलेगा. बेसिक पेंशन और बढ़ी हुई पेंशन की पूरी राशि लाभार्थियों को नवंबर महीने से मिलेगी. ये पेंशन राशि सोमवार तक जारी कर दी जाएगी.
