हरियाणा में 9 महीने बाद फिर बढ़ेंगे कलेक्टर रेट, इन तीन जिलों में दिखेगी सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

चंडीगढ़ | हरियाणा में जमीन खरीदना फिर से महंगा होने जा रहा है. बता दें कि सूबे की नायब सैनी सरकार 9 महीने बाद फिर से कलेक्टर रेट बढ़ाने की तैयारी कर रही है. 1 अप्रैल से नए कलेक्टर रेट लागू करने की योजना है. इसके लिए प्रदेश की 143 तहसीलों व सब- तहसीलों में प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं.

plot

इन जिलों में दिखेगी सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

इस बार जहां अधिक संपत्तियों की खरीद- फरोख्त हो रही है, वहां कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी के आसार हैं. इस बार भी करीब 5% से लेकर व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए अधिक वृद्धि के आसार हैं. NCR में शामिल गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत जैसे क्षेत्रों में सर्वाधिक खरीद- फरोख्त होती है, ऐसे में यहां कलेक्टर रेट सबसे ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

पिछली बार 1 अगस्त को कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी पर खूब हंगामा हुआ था. सरकार ने कलेक्टर रेट स्लैब अनुसार बढ़ाने का दावा किया था. लेन-देन मूल्य से अधिक वाली संपत्तियों पर कलेक्टर रेट प्रतिशत के अनुसार बढ़ाए गए थे.

जनता पर पड़ेगा स्टांप ड्यूटी का बोझ

हरियाणा प्रॉपर्टी कंसल्टेंट फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल का कहना है कि कलेक्टर रेट बढ़ने से अतिरिक्त स्टांप ड्यूटी बढ़ेगी. सरकार को कलेक्टर रेट बताना चाहिए कि आगामी दिनों में क्या करने वाले हैं. दूसरी बात यह है कि पहले 1 अप्रैल से ही मामूली कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी होती थी. अब कई बार अनियमित तरीके से बढ़ोतरी की जाती है. हरियाणा डीड राइटर एसोसिएशन के राज्य कार्यकारिणी के सदस्य बरखा राम ने बताया कि करीब 9 माह बाद ही कलेक्टर रेट बढ़ाना ठीक नहीं और जरूरत क्यों है. यदि फिर भी कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी का विचार है तो यह ध्यान रखा जाए कि जनता की जेब पर ज्यादा बोझ न पड़े.

सभी तहसीलों व सब- तहसीलों में कलेक्टर रेट से संबंधित ब्योरा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. जो भी नए कलेक्टर रेट होंगे वह 1 अप्रैल से लागू करने की योजना प्रस्तावित है- हेमा शर्मा, राजस्व सचिव, हरियाणा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग

यह भी पढ़े -  HSVP को हाई कोर्ट का झटका, प्लॉट की लोकेशन बदलने पर लगाई रोक; स्टेटस क्वो के आदेश
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.