हरियाणा में आमजन को LPG संकट से मिलेगी राहत, छोटे शहरों- कस्बों व गांवों तक पहुंचेगी PNG गैस

चंडीगढ़ | मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते देशभर में LPG गैस को लेकर मची हाहाकार के बीच हरियाणा सरकार ने प्रदेश की जनता को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एक बड़ा फैसला लिया है. प्रदेश सरकार ने PNG कनेक्शन बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है और 3 महीने में इन कनेक्शनों को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. सरकार का कहना है कि महानगरों की तर्ज पर छोटे शहरों और बड़े गांवों में PNG गैस कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

PNG

हरियाणा सरकार ने बताई योजना

मीडिया के साथ कार्ययोजना सांझा करते हुए सीएम नायब सैनी ने बताया कि हमारी सरकार ने 13 लाख 33 हजार 603 PNG कनेक्शन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. 5 लाख 59 हजार 761 कनेक्शन लगाएं जा चुके हैं. इनमें से 3 लाख 32 हजार 162 कनेक्शन चालू भी हो गए हैं जबकि बाकी 2 लाख 27 हजार 599 कनेक्शन चालू करने पर तेजी से काम हो रहा है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा में PNG गैस पाइपलाइन बिछाने पर 3 लाख रुपए प्रति किलोमीटर का लीज रेंट 10 साल के लिए अग्रिम लिया जाता है. अब इसे 1 हजार रुपए प्रति किलोमीटर एकमुश्त करने का फैसला लिया गया है. इससे गैस कंपनियों और आमजन दोनों को फायदा होगा. प्रदेश में इस समय 28,377 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछी हुई है और अब इस काम में और तेजी आएगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ी राहत, ट्रांसफर और प्रमोशन पर बनी सहमति

सहयोग करें विपक्ष

पेट्रोल- डीजल और एलपीजी गैस को लेकर मची अफरातफरी को लेकर मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है. प्रदेश में इन चीजों की कोई कमी नहीं है. ऐसे में घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी करने से बचें. पेट्रोलियम पदार्थों की कमी का भ्रम फैलाने को लेकर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि ऐसे संकट के समय में सबको सहयोग करना चाहिए न कि जनता के बीच भ्रांति फैलानी चाहिए. आपदा में राजनीतिक अवसर नहीं तलाशना चाहिए.

हमारी सरकार ने पहले भी इस तरह की परेशानियों का डटकर सामना किया है और अब भी इसी मजबूती से खड़े होकर इस संकट के बीच आमजन को राहत पहुंचाने का काम किया जाएगा. उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी तथा जमाखोरी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई इस मामले में संलिप्त पाया गया तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.