चंडीगढ़ | मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते देशभर में जारी LPG गैस संकट के बीच हरियाणा सरकार ने जनता को एक बड़ी राहत दी है. सरकार ने पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को अब सरल और डिजिटल बना दिया है. गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक और हिसार जिले की बात करें तो यहां हरियाणा सिटी गैस, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और अडाणी टोटल जैसी कंपनियां यह सुविधा उपलब्ध करा रही है.
PNG कनेक्शन के लिए जरूरी दस्तावेज
PNG का नया कनेक्शन लेने के लिए जिन दस्तावेजों की जरूरत होगी उनमें पहचान पत्र, आवासीय पते का प्रमाण, मकान स्वामित्व से जुड़े कागजात और पासपोर्ट साइज फोटो है. इन दस्तावेजों की स्कैन कॉपी या फोटोकॉपी जमा करानी होती है. वहीं, रजिस्ट्रेशन शुल्क के लिए 300 से 500 रुपए का भुगतान करना होगा. गैस मीटर और उपकरणों के लिए 5 से 6 हजार रुपए सिक्योरिटी फीस जमा करानी होती है. कई कंपनियां यह राशि किस्तों में लेने की सुविधा भी देती है.
स्टेप- बाय- स्टेप आवेदन प्रक्रिया
- Step1 (ऑनलाइन/ ऑनलाइन आवेदन) : संबंधित गैस कंपनी की वेबसाइट पर जाकर ‘न्यू कनेक्शन’ फार्म भरें या उनके स्थानीय कार्यालय/कस्टमर केयर सेंटर से फॉर्म प्राप्त करें.
- Step2 (सर्वे) : आवेदन के बाद कंपनी का एक प्रतिनिधि आपके घर आकर तकनीकी सर्वे करेगा कि पाइपलाइन बिछाना संभव है या नहीं.
- Step3 (दस्तावेज सत्यापन: सर्वे सफल होने पर आपके दस्तावेजों की जांच की जाएगी और आपको निर्धारित फीस का भुगतान करना होगा.
- Step4 (पाइपलाइन इंस्टालेशन: इसके बाद, तकनीशियन आपके घर के बाहर से रसोई तक PNG पाइपलाइन और गैस मीटर स्थापित करेगा.
- Step5 (गैस चूल्हे का रूपांतरण) : PNG का प्रेशर LPG सिलेंडर से अलग होता है इसलिए कंपनी का मैकेनिक आपके मौजूदा गैस चूल्हे के ‘नोजल’ को PNG के अनुकूल बदल देगा.
- Step6 : सभी सुरक्षा मानकों की जांच के बाद गैस सप्लाई शुरू कर दी जाएगी.
PNG के फायदे
PNG गैस एलपीजी गैस के मुकाबले हल्की होती है जिससे रिसाव की स्थिति में जोखिम कम रहता है. यह लगभग 25% तक सस्ती पड़ती है. 24 घंटे सप्लाई उपलब्ध रहती है और उपयोग के अनुसार बिल तय अंतराल पर जारी होता है. गैस सिलेंडर खत्म होने का झंझट नहीं रहता है.
