चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से CET Group-C के अंतर्गत क्लर्क, पटवारी, ग्राम सचिव, JE, कॉमर्स , होर्टिकल्चर और हरियाणा पुलिस सहित विभिन्न पदों के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया था. सभी पदों का संयुक्त परिणाम 17 अक्टूबर 2024 को घोषित किया गया था. बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के दो महत्वपूर्ण निर्णयों CWP- 17852/ 2024 और CWP-18606/ 2024 की अनुपालना में HSSC ने 14 जून 2025 को संशोधित परिणाम जारी किया.
चयनित उम्मीदवारों की जॉइनिंग स्टे
जब आयोग की तरफ से रिवाइज्ड रिजल्ट जारी किया गया तो इस संशोधित परिणाम में 1699 नए अभ्यर्थी चयनित हुए जिनमें कॉमर्स ग्रुप 6 के अभ्यर्थी पहली बार चयनित हुए. जी हां, कॉमर्स ग्रुप का परिणाम रिवाइज रिजल्ट के साथ आया मगर इस ग्रुप का रिजल्ट पहली बार जारी किया गया था. कॉमर्स ग्रुप विज्ञापन संख्या 07/2024 का रिजल्ट पहली बार 14 जून को रिवाइज रिजल्ट के साथ जारी किया गया. रिवाइज्ड रिजल्ट की वजह से 781 पूर्व चयनित अभ्यर्थी बाहर हो गए. इन अभ्यर्थियों ने डिवीजन बेंच में LPA- 2451- 2025 दायर की जिससे जॉइनिंग पर स्टे मिल गई.
आर्थिक तनाव झेल रहे चयनित अभ्यर्थी
रिवाइज्ड रिजल्ट में चयनित 1699 उम्मीदवारों की जॉइनिंग पर स्टे हो गया. रिजल्ट आए आज 9 महीने बीत चुके हैं मगर अभी तक इन उम्मीदवारों को जॉइनिंग नहीं मिल पाई है. ये 1699 चयनित अभ्यर्थी जॉइनिंग से वंचित हैं व मानसिक और आर्थिक तनाव झेल रहें है. कोर्ट में जॉइनिंग को लेकर केस चल रहा है मगर बार बार तारीख पर तारीख मिल रही है.
मामले को गंभीरता से ले सरकार
ध्यान देने वाली बात ये है कि ये अभ्यर्थी न्यायालय के आदेश की सीधी अनुपालना में चयनित हुए हैं जबकि बाहर हुए 781 अभ्यर्थी अभी भी अपनी पुरानी पोस्ट पर कार्यरत हैं. संशोधित रिजल्ट में चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले और या तो 781 अभ्यर्थियों को वैकल्पिक पद पर समायोजित करे या स्टे हटवाने के लिए ठोस कानूनी प्रयास करे.
डिस्क्लेमर: यह लेख उम्मीदवारों से मिली जानकारी के अनुसार लिखा गया है.
