चंडीगढ़ | सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब 12वीं कक्षा तक के छात्रों को भी मुफ्त किताबें दी जाएंगी. चंडीगढ़ प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया है. यह व्यवस्था अगले शैक्षणिक सत्र से लागू कर दी जाएगी. बता दें कि अभी तक शहर के सरकारी स्कूलों (Govt School) में केवल 8वीं कक्षा तक ही मुफ्त किताबों की सुविधा दी जा रही थी. इस नियम को लेकर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया द्वारा स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है.
छात्रों को मिलेगी विशेष राहत
इस सुविधा से विशेष रूप से ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी जो 11वीं और 12वीं में पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं. प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का शिक्षा क्षेत्र में अनुभव रहा है और वह स्वयं स्कूलों में सुधार की निगरानी कर रहे हैं. उनका फोकस विद्यार्थियों में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और स्वच्छ टिकाऊ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने पर भी बना हुआ है.
प्रशासन योग्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग देने की योजना पर भी काम कर रहा है. विशेष रूप से वे विद्यार्थी जो यूपीएससी की तैयारी करना चाहते हैं, उन्हें 12वीं में 85% से अधिक अंक लाने पर मुफ्त कोचिंग की सुविधा दी जाएगी.
फ्री कोचिंग की सुविधा
बिना प्राइवेट कोचिंग पर खर्च किए अब विद्यार्थी बड़ी परीक्षाओं की तैयारी कर पाएंगे. पिछले वर्ष हुए डोर- टू- डोर सर्वे के आधार पर यह योजना बनाई गई है. इस सर्वे में यह बात सामने आई थी कि कई मेधावी छात्र पैसों की कमी के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते. ऐसे में इस तरह की फ्री कोचिंग की सुविधा विद्यार्थियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी. यह पहल न सिर्फ छात्रों की शैक्षणिक सहायता करेगी, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए बेहतर अवसर भी देगी.
