चंडीगढ़ में मरीजों के लिए खुशखबरी, सरकारी अस्पतालों में शाम की OPD जल्द शुरू

चंडीगढ़ | सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है. प्रशासन पायलट प्रोजेक्ट के तहत सेक्टर- 22 और सेक्टर- 45 स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में इवनिंग OPD शुरू करने की तैयारी कर रहा है. इस नई व्यवस्था का सबसे अधिक फायदा नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और दिनभर व्यस्त रहने वाले मरीजों को मिलेगा, जिन्हें सुबह की OPD में लंबी कतारों और समय की कमी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इवनिंग OPD रोजाना शाम 5 बजे से 7 बजे तक संचालित होगी.

Hospital OPD

इसमें मरीजों को पहले की तरह पर्ची बनवानी होगी. इसके लिए निर्धारित शुल्क लिया जाएगा. हालांकि, पर्ची की फीस अभी तय नहीं की गई है. प्रशासन की योजना इस सुविधा को सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध कराने की है ताकि लोगों को इलाज के लिए अधिक ऑप्शन मिल सकें.

25 हजार से अधिक लोगों को लाभ

इस पहल से करीब 25 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा. चंडीगढ़ के अलावा मोहाली और पंचकूला से भी बड़ी संख्या में मरीज सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचते हैं. सुबह की OPD में भीड़ अधिक होने के कारण कई बार मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है या नौकरीपेशा लोगों को कार्यालय से छुट्टी लेनी पड़ती है. इवनिंग OPD शुरू होने से यह समस्या काफी हद तक कम हो सकेगी. स्वास्थ्य विभाग पहले भी सेक्टर- 16 अस्पताल और मनीमाजरा में इवनिंग OPD का मॉडल लागू कर चुका है जिसे अच्छा प्रतिसाद मिला था. सेक्टर- 16 स्थित मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 3,500 मरीज OPD में पहुंचते हैं.

जांच की सलाह

इवनिंग OPD के संचालन के लिए प्रशासन इसी महीने करीब 15 विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती करेगा. इनमें बाल रोग, जनरल सर्जरी, मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी, त्वचा रोग और मनोचिकित्सा के विशेषज्ञ शामिल होंगे. आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है. शाम की OPD में मरीजों को सामान्य OPD जैसी ही सुविधाएं मिलेंगी. विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श, आवश्यक जांच की सलाह और आगे के इलाज की प्रक्रिया नियमित OPD की तरह ही होगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बदलेगा मौसम, 21 अगस्त की रात से बारिश का दौर; इन जिलों में अलर्ट

निजी विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं

अधिकारियों के अनुसार, इवनिंग OPD में सरकारी डॉक्टरों की बजाय पंजाब मॉडल की तर्ज पर निजी विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं देंगे. उन्हें दो घंटे की OPD के लिए प्रतिदिन 2,000 रुपये मानदेय दिया जाएगा जिससे उनकी मासिक आय लगभग 52 हजार से 60 हजार रुपये तक हो सकती है. अस्पतालों की नियमित OPD और इमरजेंसी सेवाएं पहले की तरह बिना किसी बदलाव के जारी रहेंगी. बता दें कि देश के कई राज्यों में यह व्यवस्था पहले से लागू है.

असम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 214 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में इवनिंग OPD संचालित हो रही है. राजस्थान के जयपुर सहित कई सरकारी अस्पतालों और शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी शाम 5 से 7 बजे तक मरीजों को उपचार मिल रहा है. वहीं, झारखंड के कुछ सरकारी अस्पतालों में भी दो शिफ्टों में OPD संचालित कर कामकाजी लोगों को राहत देने की पहल की गई है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.