चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने प्रदेश में विभिन्न योजनाओं के तहत पेंशन का लाभ उठा रहे लाभार्थियों को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज इन लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन राशि हस्तांतरित की हैं. उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के तहत पेंशन लाभार्थियों को 1,884 करोड़ रुपए की धनराशि का वितरण किया गया है.
हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन हुई जारी
चंडीगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 842.92 करोड़ रुपए की धनराशि 26.12 लाख लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की गई हैं. इनमें बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पेंशन राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खातों में पहुंचा दी जाती हैं ताकि लोगों को इन योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ मिलता रहें. उन्होंने बताया कि फैमिली आईडी के डेटाबेस के आधार पर पात्रता निर्धारित होती हैं जिसके बाद घर बैठे पेंशन का लाभ मिलने लगता है.
किसानों को राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन 2025 की फसलों के लिए किसानों को बीमा मुआवजा राशि भी जारी किया गया है. 1,67,460 किसानों के खातों में 711.69 करोड़ रुपए की बीमा राशि जारी की गई है. राज्य के लगभग 11,199 आढ़तियों के बैंक खातों में 56.97 करोड़ रुपए की धनराशि हस्तांतरित की गई है.
दयालु योजना के तहत 5,409 परिवारों को 205.42 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है. प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 12,353 लाभार्थियों के बैंक खातों में मकान निर्माण के लिए 67 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की गई है.
उन्होंने बताया कि आवारा पशुओं के काटने या मारने से घायल या आकस्मिक निधन की स्थिति में आर्थिक सहायता राशि के लिए हमारी सरकार ने दयालु योजना- 2 की शुरुआत कर दी है.
