चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी स्कूलों (Haryana Govt School) में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है. दरअसल, पहली से 12वीं कक्षा तक की विद्यार्थियों को सरकार नि:शुल्क वाहन की सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना पर काम कर रही है. इन विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा मुहैया करवाने के उद्देश्य से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को गाइडलाइंस जारी की गई है. इस विषय में निदेशक सेकेंडरी शिक्षा हरियाणा द्वारा आधिकारिक पत्र जारी किया गया है.

इन विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों/ मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी करते हुए कहा गया है कि राज्य के सभी सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा पहली से 12वीं तक के ऐसे विद्यार्थी जिन्हें स्कूल जाने के लिए किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करनी पड़ती है. नि:शुल्क यातायात की सुविधा वित्त वर्ष 2024- 25 में शुरू की गई थी. इस व्यवस्था का प्रबंध संबंधित विद्यालय की प्रबंधन समिति के द्वारा किया जाएगा. इसका भुगतान संबंधित स्कूल मुखिया के एचडीएफसी बैंक खाते के माध्यम से किया जाएगा.
2025- 26 में भी जारी रहेगी योजना
पत्र में लिखा गया है कि राज्य के सभी 22 जिलों के पहले से चिन्हित ब्लॉकों में यह योजना चालू वित्त वर्ष 2025- 26 में भी जारी रखी जाएगी. दूसरी तरफ शिक्षा निदेशालय द्वारा गर्मियों को देखते हुए स्कूलों के लिए एडवाइजरी जारी की गई थी, जिसमें जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी/ खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने अधीन आने वाले स्कूलों को निर्देशित करते हुए कहा गया था कि गर्मी के बढ़ते प्रकोप के चलते विद्यार्थियों को लू आदि से बचाने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं.