चंडीगढ़ | हरियाणा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ने जा रहा है. सरकार योजना की पात्रता के लिए वार्षिक आय सीमा बढ़ाने की घोषणा पहले ही कर चुकी है. अब दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर 25 सितंबर से योजना का पोर्टल खोलने की तैयारी है. आय सीमा बढ़ने के बाद करीब 17 लाख और महिलाओं के योजना से जुड़ने का अनुमान है. सरकार ने पिछले साल 25 सितंबर को ही योजना की शुरुआत की थी.

उस समय पात्रता के लिए परिवार की वार्षिक आय सीमा 1 लाख रुपए रखी गई थी. बाद में इसे बढ़ाकर 1.40 लाख रुपए किया गया. अब आय सीमा 1.80 लाख रुपए वार्षिक किए जाने की तैयारी है. योजना शुरू होने के करीब एक साल में पात्रता में तीसरी बार बदलाव किया जा रहा है.
महिलाओं का पंजीकरण
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 10 अगस्त को योजना की 10वीं किस्त जारी की गई थी. फिलहाल, करीब 9.98 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है. आय सीमा बढ़ने के बाद लाभार्थियों की संख्या में करीब 17 लाख की वृद्धि होने का अनुमान है. पंजाब में मावां- धीयां सत्कार योजना के तहत 73.5 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है. इनमें से करीब 68.5 लाख महिलाओं के बैंक खातों में राशि पहुंच चुकी है. पंजाब में योजना के लिए आय की कोई सीमा तय नहीं की गई है. वहां सामान्य वर्ग की महिला को 1000 रुपए और एससी वर्ग की महिला को 1500 रुपए दिए जाते हैं.
प्ले स्टोर से डाउनलोड होगा एप
लाडो लक्ष्मी योजना के लिए प्ले स्टोर से एप डाउनलोड किया जा सकेगा. एप पर दो महिलाओं की तस्वीर बनी है, जिनमें एक हरियाणवी परिधान और दूसरी साड़ी में नजर आती है. एप पर दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना लिखा हुआ है.
देनी होगी जानकारी
एप खोलने पर सबसे पहले पात्रता जांचने का विकल्प मिलेगा. इसमें आवेदक से पूछा जाएगा कि वह हरियाणा का निवासी है या नहीं. इसके बाद जेंडर, वैवाहिक स्थिति, जन्मतिथि, रोजगार की स्थिति और परिवार की वार्षिक आय जैसी जानकारी भरनी होगी. आवेदन के दौरान हरियाणा निवास प्रमाण पत्र नंबर, आधार कार्ड और उससे जुड़ा सक्रिय मोबाइल नंबर देना होगा. परिवार के सभी सदस्यों के आधार नंबर, ससुराल पक्ष के सदस्यों के आधार नंबर, बिजली कनेक्शन नंबर, हरियाणा कौशल रोजगार निगम पंजीकरण नंबर, वाहन होने पर वाहन पंजीकरण नंबर और सक्रिय बैंक खाते की जानकारी देनी होगी.
6 चरणों में पूरा होगा आवेदन
एप पर आवेदन प्रक्रिया छह चरणों में पूरी होगी. पहले चरण में महिला आवेदक का विवरण, दूसरे में आवास की जानकारी, तीसरे में परिवार के सदस्यों का विवरण, चौथे में आय से जुड़ी जानकारी और पांचवें चरण में बैंक खाते का विवरण भरना होगा. छठे और अंतिम चरण में लाइव फोटो अपलोड करने का विकल्प मिलेगा.