चंडीगढ़ | हरियाणा में रबी सीजन की फसलों गेहूं व सरसों आदि की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बिक्री का इंतजार कर रहे किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि 1 अप्रैल से प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी और इसको लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. विभाग ने खरीद एजेंसियों के बीच 416 मंडियों और बिक्री केंद्रों में कार्य का बंटवारा कर दिया है.
प्रदेश सरकार द्वारा खाद्य आपूर्ति विभाग, हेफैड, फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) और हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (HSWC) को गेहूं खरीद के लिए अधिकृत किया गया है. रबी खरीद सीजन 2026-27 के दौरान खोली गई मंडियों और बिक्री केंद्रों में इस बार अकेले और संयुक्त रूप से खरीद संचालन किया जाएगा.
नए तरीके से होगी खरीद
इस बार ई-खरीद प्रणाली में बदलाव किया गया है. नई व्यवस्था के तहत गेटपास जारी करने वाले कर्मचारियों को मंडी में ही मौजूद रहना होगा. नई व्यवस्था में पूरा सिस्टम जियो-फेंसिंग से जोड़ा जाएगा. मंडी के निकट पहुंचने पर ही मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल के माध्यम से किसानों के गेटपास जारी किए जाएंगे.
वहीं, गेहूं की सरकारी खरीद सप्ताह में 6 दिन (रविवार को छोड़कर) रहेगी. यदि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक पिछली सालों की तरह रविवार को भी मंडियां या क्षेत्रीय कार्यालय खोलने का फैसला लेते हैं तो जिस एजेंसी को शनिवार को खरीद का दायित्व सौंपा है वही एजेंसी रविवार को भी मंडी में खरीद करेगी.
गेहूं की MSP में बढ़ोतरी का तोहफा
रबी सीजन 2026 के लिए किसानों को गेहूं की MSP में 160 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का तोहफा दिया गया है. इस बार गेहूं की सरकारी खरीद 2,585 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी जाएगी जबकि पिछले साल यह भाव 2,425 रुपए प्रति क्विंटल था.
