चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के 50 लाख 48 हजार 73 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,595 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि DBT के जरिए ट्रांसफर की. लाभ वितरण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता कर योजनाओं के तहत जारी राशि और सरकार की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी.

CM ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी कर दी गई है. इसके तहत, 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहनों-बेटियों के खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपये भेजे गए हैं. योजना की शुरुआत से अब तक 10 किस्तों में 2,042 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है.
हरियाणा में 1,124 करोड़ रुपये जारी
प्रदेश की 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भी 1,124 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि जारी की गई. यह राशि 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे पहुंचाई गई. दयालु योजना के तहत 6,224 परिवारों को 234 करोड़ 77 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई. मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक 83,536 परिवारों को इस योजना के तहत 3,152 करोड़ 48 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है.
हर घर- हर गृह योजना
हर घर हर गृह योजना के तहत 4 लाख 93 हजार 434 बहनों के खातों में जून महीने की सब्सिडी भी ट्रांसफर की गई. इसके लिए 19 करोड़ 17 लाख रुपये जारी किए गए. योजना के तहत अब तक कुल 340 करोड़ 14 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है. सरकार ने हरित खाद को बढ़ावा देने के लिए 13,237 किसानों के खातों में करीब 7 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भी भेजी. मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ 2026-27 में 70 हजार एकड़ क्षेत्र में ढेंचा और मूंग को खाद के रूप में अपनाने के लिए यह राशि जारी की गई है.
खरीफ 2026 के दौरान 5,844 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ में ढेंचा की खेती का सत्यापन किया गया है. वहीं, 7,393 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ क्षेत्र में मूंग और अन्य हरित खाद फसलों की खेती का सत्यापन हुआ है.