चंडीगढ़ | हरियाणा परिवहन विभाग की बसों में मुफ्त सफर की बाट जोह रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश में हैप्पी कार्ड योजना के तहत पात्र लोगों को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर का लाभ मिलता है. पिछले कुछ सालों से नए हैप्पी कार्ड बनना बंद हो गए थे जिससे लोग मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने से वंचित हो रहे थे लेकिन अब नए हैप्पी कार्ड बनने न केवल शुरू हो गए हैं बल्कि वितरण का कार्य भी तेज गति से हो रहा है.

रोडवेज विभाग द्वारा प्रदेश के सभी डिपो व उप- डिपो पर हैप्पी कार्ड वितरण प्रकिया को सुचारू रूप से संचालित करने के विशेष इंतजाम किए गए हैं. बस अड्डों पर कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है जहां आवेदकों के दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें हैप्पी कार्ड सौंपे जा रहे हैं.
हैप्पी कार्ड वितरण शुरू
मिली जानकारी के अनुसार, साल 2024 में जिन लाभार्थियों ने हैप्पी कार्ड योजना के तहत पंजीकरण करवाया था उनके कार्ड अपने संबंधित डिपो के पास पहुंच चुके हैं. हैप्पी कार्ड प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों को अपने मोबाइल नंबर पर आए OTP और आवेदन नंबर की जानकारी देनी होती है जिसके बाद कार्ड सक्रिय कर उन्हें सौंप दिया जाता है.
यह प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बस स्टैंड पर जारी रहती है. यदि किसी व्यक्ति के मोबाइल पर OTP नहीं आया है, तो वह अपनी आवेदन प्रति लेकर बस स्टैंड पर जानकारी प्राप्त कर सकता है.
क्या हैं हैप्पी कार्ड योजना?
हैप्पी कार्ड योजना के तहत पात्र परिवारों के हरेक व्यक्ति को एक साल में हरियाणा रोडवेज की बसों में 1 हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ मिलता है. परिवार पहचान पत्र (PPP) के अनुसार जिन परिवारों की सालाना आमदनी 1 लाख रुपये या उससे कम है, वे इस योजना के पात्र हैं. परिवहन विभाग की यह योजना उन लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है जिन्हें काम, पढ़ाई या अन्य आवश्यक कारणों से रोजाना सफर करना पड़ता है. इससे उनके परिवहन खर्च में बचत आएगी.