चंडीगढ़ | हरियाणा BJP के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ रेप मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस पूरे प्रकरण को लेकर उर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने मीडिया द्वारा इस संबंध में सवाल किए जाने पर कहा कि मोहन लाल बड़ौली कह रहे हैं कि मैं निर्दोष हूं और जो गवाह थी उसने भी खुद को निर्दोष बताया है.
अनिल विज ने कहा कि बड़ौली के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का आरोप बहुत गंभीर हैं और पार्टी आलाकमान उसका संज्ञान लेगा, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि हिमाचल प्रदेश पुलिस की जांच में मोहन लाल बड़ौली निर्दोष साबित होंगे. जब तक हिमाचल प्रदेश की पुलिस बड़ौली को निर्दोष साबित नहीं कर देती, तब तक पार्टी की पवित्रता को बनाए रखने के लिए मोहन लाल बड़ौली को प्रदेश अध्यक्ष के पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए.
जानें पूरा मामला
हिमाचल प्रदेश पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, महिला 3 जुलाई 2023 को अपने ‘बॉस’ और मित्र के साथ कसौली के एक होटल में ठहरी हुई थी. तभी उनकी मुलाकात दोनों आरोपियों से हुई. प्राथमिकी के अनुसार मोहन लाल बड़ौली ने खुद को एक नेता जबकि रॉकी ने अपने आप को एक गायक बताया. प्राथमिकी के अनुसार बाद में महिला और उसके दोस्त दोनों आरोपियों के साथ एक कमरे में गए, जहां आरोपियों ने शिकायतकर्ता को सरकारी नौकरी दिलाने और एक संगीत वीडियो में काम करने का मौका दिलाने का वादा किया.
प्राथमिकी के अनुसार आरोपियों ने शिकायतकर्ता को शराब पीने के लिए मजबूर किया और जब उसने मना किया, तो उन्होंने उसके साथ बलात्कार किया. पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मोहन लाल बड़ौली और रॉकी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376D (सामूहिक बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
