चंडीगढ़ | हरियाणा में सिर्फ पात्र युवाओं को ही सरकारी नौकरी मिल रही है व किसी भी प्रकार की सिफारिश नहीं चल रही है. इसका ताजा उदाहरण देखने को मिला है. ऐसा इसलिए क्योंकि सीएम के बेटे अनिकेत सैनी ने भी CET की प्रारंभिक परीक्षा के लिए फॉर्म भरा है. राज्य में ग्रुप सी की नौकरियों के लिए हुई सामान्य पात्रता परीक्षा कितनी गंभीर है और यह कितना अहम है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बेटे अनिकेत सैनी ने भी इस परीक्षा के लिए आवेदन किया था.
हरियाणा सरकारी नौकरी में पारदर्शिता का दावा
मुख्यमंत्री के बेटे अनिकेत सैनी फिलहाल बीए-एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं और इस वक्त उनका द्वितीय वर्ष चल रहा है. अनिकेत आवेदन फार्म भरने के बाद 26 व 27 जुलाई को हुई सीईटी की परीक्षा केवल इसलिए नहीं दे सके क्योंकि उस समय वो दिल्ली की एक लॉ कंपनी में इंटर्नशिप कर रहे थे.
सीएम के बेटे अनिकेत द्वारा सीईटी की परीक्षा के लिए फार्म भरने की जानकारी इसलिए जरूरी है क्योंकि पूरा विपक्ष आरोप लगा रहा है कि राज्य में बाहरी युवाओं को नौकरियां दी जा रही है. हरियाणवी युवाओं की अनदेखी हो रही है. राज्य के युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही है.
CM परिवार ने भी अपनाया नियम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा आंकड़ों के आधार पर विपक्ष के इन आरोपों को खारिज कर दिया गया है. उनका मानना है कि जब दूसरे राज्यों में हरियाणा के युवाओं को नौकरियां मिल सकती हैं तो फिर हरियाणा में बाहरी राज्यों के युवा मैरिट के आधार पर नौकरियां क्यों नहीं हासिल कर सकते. हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) के आंकड़ों के आधार पर दावा किया जा रहा है कि बाहरी युवाओं के नौकरी पाने का प्रतिशत दो से तीन ही है. शेष पदों पर हरियाणवी युवाओं को ही नौकरी मिल रही है.
यह रहे नौकरियों के आंकड़े
HSSC के आंकड़ों के अनुसार भाजपा सरकार ने हर वर्ष 15 से 16 हजार 500 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं. इनमें प्रतिवर्ष हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की नौकरियां लगभग 15 हजार और हरियाणा लोक सेवा आयोग की नौकरियां एक हजार से डढ़ हजार है. अभी तक कर्मचारी चयन आयोग ने 1 लाख 60 हजार सरकारी नौकरियां दी हैं जबकि HPSC ने लगभग 18 हजार नौकरियां दी है.
सबसे पहले 2022 में हुआ था CET
सबसे पहले 2022 में सीईटी हुआ था, उसके 3 साल बाद 2025 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सीईटी का आयोजन हुआ है. ग्रुप सी की के लिए हुई सीईटी की परीक्षा के लिए 13.48 लाख युवाओं ने आवेदन भरे थे जिनमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बेटे अनिकेत सैनी भी एक अभ्यर्थी रहे हैं. इनमें से लगभग 12 लाख ने परीक्षा दी और आठ लाख युवा पास हुए है. इन पास युवाओं के लिए सरकार ने अब तक लगभग 13 हजार नौकरियों के लिए आवेदन मांग लिए हैं. लगभग 10 हजार पदों पर नौकरियां जल्द निकलने वाली हैं.
