चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने आज वित्त वर्ष 2026- 27 का वार्षिक बजट पेश किया है. बतौर वित्त मंत्री सीएम नायब सैनी ने 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है जो पिछले साल के बजट की तुलना में 10.28% ज्यादा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 1 लाख युवाओं को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी और इसके बाद इन्हें नौकरी दी जाएगी.
CM ने कहा कि हरियाणा ने इस बार कुल 98% बजट खर्च किया है. यह इतिहास में पहली बार हुआ है. राजकोषीय घाटे में 2014 से 2024 तक 2.75% की बढ़ोतरी हुई है जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह 44% तक बढ़ गया था. सरकारी उपक्रमों के घाटे में तीन गुना की कमी आई है. उन्होंने बताया कि हरियाणा के नए जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा.
हरियाणा में बनेगी वेडिंग सिटी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने बजट भाषण में एक नई पहल की शुरुआत करते हुए बड़ी घोषणा की. उन्होंने बताया कि Web India की तर्ज पर प्रदेश की 3 जगहों पिंजौर (पंचकूला), खरखौदा (सोनीपत) और गुरुग्राम में वेडिंग सिटी विकसित की जाएगी. यह सिटी सगाई से विदाई तक तक की अवधारणा पर काम करेगी.
खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणाएं
अपने बजट भाषण में खेल और युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में 21 नए खेल स्टेडियमों के निर्माण की घोषणा की. उन्होंने कहा कि मिशन ओलंपिक 2036 योजना के तहत वैज्ञानिक तरीके से पूरे राज्य में प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि प्रदेश की होनहार युवा पीढ़ी को नवीन तकनीक की ट्रेनिंग देने और ज्यादा मेडल जीतने के लिए इंटरनेशनल स्तर के कोचों की नियुक्ति की जाएगी. खेल सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रत्येक जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और एक खेलों इंडिया लघु केंद्र स्थापित किया जाएगा जिसके संचालन की जिम्मेदारी किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी को सौंपी जाएगी.
सुविधाओं से लैस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी खेल परिसर, दौलताबाद को अपग्रेड करते हुए हरियाणा का पहला इंटरनेशनल सुविधाओं से लैस पैरा खेल स्टेडियम विकसित किया जाएगा, जहां दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण और खेल अवसंरचनाएं उपलब्ध होंगी. इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा.
