चंडीगढ़ | हरियाणा में आमजन खासकर शहरी क्षेत्रों के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार और नगरपालिका कर्मचारी संघ व अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के बीच 20 प्रमुख मांगों को पूरा करने पर सहमति बन गई है, जिसके बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने का ऐलान कर दिया है.

नगरपालिका कर्मचारी संघ ने बताया कि अगले दो दिनों के भीतर पूरे राज्य की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी. शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल, मुख्यमंत्री कार्यालय और शहरी निकाय व अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ हुए समझौते को लागू करने के लिए 30 जून तक का समय दिया गया है. समझौते में स्वीकार की गई मांगों को निर्धारित समयावधि तक पूरा नहीं करने की स्थिति में दोबारा 1 जुलाई से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई है.
सफाई कर्मचारियों के साथ इन मांगों पर सहमति
- नगरपालिका, परिषदों व निगमों में रोल पर लगे सभी 13 हजार कर्मचारी भर्ती नियमों एवं अधिकतम आयु 55 वर्ष तक छूट देकर पक्के होंगे.
- म्यूनिसिपलटीज में ग्रुप D, C एवं B के 4848 पद स्वीकृत किए जाएंगे. इनमें सफाई दरोगा से मेडिकल अफसर तक 926 पद केवल सेनिटेशन स्टाफ के लिए आरक्षित होंगे.
- गुरुग्राम के 3480 कर्मचारियों सहित अलग- अलग शहरों से छंटनी किए गए लगभग 5 हजार कर्मचारी ड्यूटी पर वापस लिए जाएंगे.
- गुरुग्राम के कर्मचारियों सहित सभी आंदोलनकारी नेताओं के टर्मिनेशन ब्रेक समाप्त कर हड़ताल अवधि को लीव आफ काइंड डयू की जाएगी. मुकदमों सहित अन्य सभी प्रकार की उत्पीड़न कार्रवाई खत्म होगी.
- कर्मचारियों का 1 साल में 3 बार मेडिकल हेल्थ चेकअप होगा. सीवरमैनों व फायरमैन को 5 हजार व सफाई कर्मचारियों को जोखिम भत्ता दिया जाएगा.
- पढ़े- लिखे सफाई कर्मचारियों को योग्यता अनुसार ग्रुप C के पदों पर पदोन्नति का प्रविधान मिलेगा, जिसके लिए सेवा नियमों में संशोधन किया जाएगा.
- कच्चे कर्मचारियों को प्राकृतिक मौत पर 10 लाख, एक्सीडेंटल मौत पर 20 लाख रुपये आर्थिक सहायता एवं परिवार के सदस्य को नौकरी मिलेगी.
- कच्चे कर्मचारियों को मेडिकल अवकाश 10 दिन के स्थान पर 20 दिन मिलेंगे.
- डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन पर लगे कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन 15,220 रुपये बैंक के माध्यम से मिलेंगे. EPF व ESI की सुविधा उपलब्ध होगी.
- डोर टू डोर व अन्य प्रकार के ठेकों में लगे कर्मचारियों को 6 हजार रिक्त पदों पर होने वाली भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी.
- सफाई के ठेकों में लगे कर्मचारियों को भी न्यूनतम वेतन के साथ तेल- साबुन और हर साल 2 हजार रुपये वेतन में बढ़ोतरी का लाभ बैंक के माध्यम से मिलेगा.
- रजिस्ट्रेशन के बाद ठेकेदार द्वारा नौकरी से निकालने के नाम पर शोषण बंद होगा.
फायर कर्मचारी संघ के साथ इन मांगों पर सहमति
- फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान मारे गए दमकल कर्मचारियों के परिवारों को 50- 50 लाख रुपये का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी.
- 1800 नियमित फायर आपरेटर (AFO) की भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर पे- रोल फायर कर्मचारियों के प्रमाणपत्रों की जांच करवाई जाएगी तथा डीजी फायर की अध्यक्षता में उन्हें नियमित करने की प्रक्रिया शुरू होगी.
- 55 साल तक के पे- रोल कर्मचारियों को रेगुलर किया जाएगा.
- 30 जून से पहले कैबिनेट मीटिंग बुलाकर 1181 पे-रोल कर्मचारियों को साढ़े 25 हजार रुपये का पे- स्केल, 60% DA एवं अन्य सभी भत्ते देने का फैसला लिया गया है.
- यह प्रक्रिया 800 नियमित फायर आफिसर की ज्वाइनिंग से पहले पूरी की जाएगी ताकि पे- रोल कर्मचारियों को वरिष्ठता का लाभ मिल सके. यह पूरी प्रक्रिया वन टाइम पॉलिसी के तहत लागू होगी.
- सभी नियमित, पे- रोल एवं कौशल निगम फायर कर्मचारियों को 5 हजार रुपये जोखिम भत्ता तथा साढ़े 7 रुपये वर्दी भत्ता जारी किया जाएगा.
- नियमित फायर कर्मचारियों को आनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी से राहत प्रदान की जाएगी.
- सभी हड़ताली कर्मचारियों की हड़ताल अवधि को ड्यूटी पीरियड माना जाएगा तथा नियमित फायर कर्मचारियों की सेवा में किसी प्रकार का ब्रेक नहीं लगेगा.
- पे- रोल फायर कर्मचारियों की मेडिकल लीव 10 से बढ़ाकर 20 की जाएंगी तथा इन अवकाशों को हर साल जोड़ने की सुविधा भी मिलेगी.