हरियाणा सरकार ने दो नई रेल परियोजनाओं को दी मंजूरी, गुरूग्राम-झज्जर के लोगों को होगा फायदा

चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने राज्य में दो नई रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी है. ये दोनों ही प्रोजेक्ट राज्य के आर्थिक विकास के लिए काफी अहम साबित होने वाले हैं. इनके जरिए हिसार में बन रहे महाराजा अग्रेसन इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक साइबर सिटी गुड़गांव और राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली की सीधी कनेक्टिविटी संभव हो सकेगी.

RAIL TRAIN

जल्द होगा पूरा कार्य

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दोनों परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है. अब इन परियोजनाओं पर केंद्रीय रेल मंत्रालय से भी चर्चा की जाएगी ताकि 50- 50 हिस्से के आधार पर इन्हें जल्द पूरा किया जा सके. इस योजना के तहत, यदि केंद्र सरकार रेल परियोजनाओं की लागत का 50 प्रतिशत वहन करने के लिए सहमत होती है तो शेष व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा. नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे और हिसार हवाईअड्डे के बीच रेल संपर्क का प्रस्ताव काफी समय से चल रहा है.

20 हवाईअड्डे अगले 6 महीने बाद होंगे चालू

हिसार में एयरपोर्ट पर काफी तेजी से काम चल रहा है. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की हालिया रिपोर्ट में देश भर के 20 ऐसे हवाईअड्डों का जिक्र है जो अगले छह महीने के बाद चालू हो जाएंगे. इनमें हिसार और अंबाला कैंट का एयरपोर्ट भी शामिल है. अंबाला में एयरपोर्ट की मंजूरी के लिए गृह मंत्री अनिल विज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात कर चुके हैं. केंद्र की मंजूरी के बाद ही अंबाला एयरपोर्ट को भी केंद्र की ‘उड़ान’ योजना में शामिल किया गया है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, SC कर्मचारियों को प्रमोशन में मिलेगा रिजर्वेशन का फायदा

गुरूग्राम से झज्जर के बीच होगा रेल संपर्क

सरकार ने बिजवासन, गुड़गांव, गढ़ी हरसरू, सुल्तानपुर, फर्रुखनगर और झज्जर के रास्ते हिसार में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और महाराजा अग्रेसन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को रेल संपर्क प्रदान करने का निर्णय लिया है. डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है. पहले चरण में गढ़ी हरसरू, फर्रुखनगर और झज्जर के बीच रेल संपर्क विकसित किया जाएगा. दूसरे चरण में महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हिसार को जोड़ा जाएगा.

डबल लाइन में होगा विकसित

एचआरआईडीसी द्वारा प्रस्तावित परियोजना गढ़ी हरसरू- फारुखनगर (11 किमी) मौजूदा सिंगल लाइन और फर्रुखनगर- झज्जर (24 किमी) मिसिंग लिंक को डबल लाइन में विकसित करेगी. इस पर 1225 करोड़ रुपए खर्च होंगे. झज्जर से रोहतक (37 किमी) मौजूदा सिंगल लाइन और रोहतक- दोभ, भाली- हांसी (68 किमी) का काम उत्तर रेलवे द्वारा किया जा रहा है. दूसरे चरण में हांसी से महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट हिसार तक 25 किलोमीटर रेल लाइन विकसित की जाएगी.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.