चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र से आमजन के हितों से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. प्रदेश सरकार ने सदन में गांव के बाहर या खेतों में ढाणियों में रहने वाले परिवारों के लिए बिजली आपूर्ति व्यवस्था में एक बड़ा कदम उठाया है. सरकार के इस फैसले से अब और ज्यादा परिवारों को बिजली आपूर्ति करने में मदद मिलेगी और दूधिया रोशनी की जगमग से राहत पहुंचेगी.

पंचायत मंत्री ने दी जानकारी
बजट सत्र में विकास एवं पंचायती राज मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि विभाग की ओर से डेरा- ढाणी के लिए एक नई पॉलिसी बनाई गई है. पहले जिस डेरा व ढाणी में 11 घर होते थे उसको एक यूनिट माना जाता था लेकिन अब जिस डेरा व ढाणी में 11 सदस्य रह रहे हैं, हम उसको एक यूनिट मान रहे हैं.
उन्होंने बताया कि गांव से लाल डोरे के 1 किलोमीटर क्षेत्र में जितनी भी डेरा व ढाणी हैं, उन्हें 24 घंटे घरेलू बिजली आपूर्ति की सुविधा प्रदान की जाएगी. अब विधायकों की ओर से मांग की गई है कि इस दायरे को बढ़ाकर 5 किलोमीटर किया जाना चाहिए. उनकी इस मांग को स्वीकार करते हुए 5 किलोमीटर कर दिया गया है. अब 5 किलोमीटर के दायरे में जो भी डेरा व ढाणी पड़ती है, उन्हें 24 घंटे घरेलू बिजली आपूर्ति का लाभ दिया जाएगा. जिसके 11 सदस्य होंगे, सरकार की ओर से उसे 1 यूनिट में गिना जाएगा.
हजारों परिवारों को सीधा फायदा
पंचायत मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले से अब विकास की रोशनी और तेज होगी. सरकार ने पुरानी शर्त को खत्म करते हुए अब 5 किलोमीटर दूर बसी ढाणियों में भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति की सुविधा देने का फैसला लिया है. जिसका हजारों परिवारों को सीधा फायदा पहुंचेगा.
इस फैसले से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी और बच्चों की पढ़ाई, किसानों के काम और घरेलू सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा. यह कदम ग्रामीण विकास और समान सुविधाओं की दिशा में एक मजबूत पहल मानी जा रही है.