चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं से 12वीं की छात्राओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य सरकार मुख्यमंत्री दुग्ध उपहार योजना (MMDUY) के तहत छात्राओं को फोर्टिफाइड स्किम्ड फ्लेवर्ड मिल्क पाउडर और प्रोटीन मिल्क बार उपलब्ध कराएगी. इसके लिए अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही की मांग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. विद्यालय शिक्षा निदेशालय हरियाणा ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर स्कूलों का डेटा अपडेट करने के निर्देश दिए हैं.
इसके लिए शिक्षा विभाग का MIS पोर्टल 1 से 8 सितंबर 2026 तक खुला रहेगा. स्कूल प्रभारियों को तय समय सीमा के भीतर अपने विद्यालय की जरूरत के अनुसार डिमांड ऑनलाइन दर्ज करनी होगी.
दर्ज करनी होगी मांग
विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि डिमांड दर्ज करते समय पहले से उपलब्ध सामग्री का हिसाब जरूर रखा जाए. यानी स्कूल में जितना स्टॉक पहले से मौजूद है, उसे कुल जरूरत में से घटाने के बाद ही फाइनल डिमांड पोर्टल पर दर्ज करनी होगी. शिक्षा निदेशालय ने साफ किया है कि इस मॉड्यूल में केवल 9वीं से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी. इसमें मिड- डे- मील (MDM) से जुड़ा कोई डेटा शामिल नहीं किया जाना है. स्कूलों को पोर्टल पर जानकारी भरते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा.
पोर्टल पर निगरानी
डिमांड दर्ज करने की प्रक्रिया पर जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) की सीधी नजर रहेगी. DEO अपने लॉगिन के जरिए यह जांच सकेंगे कि जिले के किन स्कूलों ने अभी तक अपनी मांग ऑनलाइन दर्ज नहीं की है. विभाग ने सभी स्कूल प्रभारियों को समय सीमा के अंदर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं. लापरवाही करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है.
नई व्यवस्था के तहत छात्राओं को मिलने वाले फोर्टिफाइड स्किम्ड फ्लेवर्ड मिल्क पाउडर और प्रोटीन मिल्क बार का वितरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए दर्ज की गई मांग के आधार पर किया जाएगा.
