चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार की तरफ से अनुबंध पर लगे कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति की आयु तक जॉब की गारंटी दी जा रही है. इसके लिए सरकार की तरफ से पोर्टल खोला गया है जिस पर कार्यरत अनुबंधित कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं. हरियाणा के विभिन्न विभागों और बोर्ड-निगमों में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारी अब सेवानिवृत्ति आयु तक नौकरी सुरक्षित करने के लिए 15 अप्रैल तक पोर्टल पर आवेदन कर पाएंगे.
1 महीने के लिए बढ़ाई समय सीमा
जी हां, अब आवेदन करने की तिथि में बढ़ोतरी कर दी गई है. राज्य सरकार की तरफ से कच्चे कर्मचारियों को राहत देते हुए सेवा सुरक्षा से संबंधित प्रक्रिया की अवधि को एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है. इससे सभी विभागों और पात्र कर्मचारियों को आवेदन और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए ज्यादा वक्त मिल जाएगा.
25 अप्रैल तक डॉक्यूमेंट होंगे वेरीफाई
मानव संसाधन विभाग की ओर से जारी आर्डर के मुताबिक अनुबंधित कर्मचारी हरियाणा संविदा कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 एवं नियम 2025 के अंतर्गत पोर्टल www.securedemployee.csharyana.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर जरूरी दस्तावेज 15 अप्रैल तक अपलोड कर पायेंगे. संबंधित विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारी (डीडीओ) कर्मचारियों के दस्तावेज और सेवा रिकार्ड को वेरीफाई करेंगे. इसके लिए उनके पास 25 अप्रैल 2026 तक का समय है. पात्र कर्मचारियों के लिए वित्त विभाग की तरफ से 15 मई तक अतिरिक्त पद सृजित किए जाएंगे.
