चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने आज वित्त वर्ष 2026- 27 का वार्षिक बजट पेश किया है. बतौर वित्त मंत्री सीएम नायब सैनी ने 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है जो पिछले साल के बजट की तुलना में 10.28% ज्यादा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 1 लाख युवाओं को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी और इसके बाद इन्हें नौकरी दी जाएगी.
हरियाणा में बनेगा नया बिजली निगम
मुख्यमंत्री ने बजट में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में एग्री डिस्कॉम नाम से नया बिजली निगम बनाया जाएगा जिसके तहत किसानों को नए ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे. महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि हर नारी, स्वस्थ नारी योजना के तहत प्रत्येक जिले में स्वस्थ नारी क्लिनिक की स्थापना की जाएगी. इससे महिलाओं को और ज्यादा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा.
अपने बजट भाषण में सीएम नायब सैनी ने प्रदेश में 2 हजार नए वीटा बूथ खोलने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि इसमें स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं को वरीयता दी जाएगी. इन बूथों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 20% आरक्षण दिया जाएगा.
राजकोषीय घाटे में बढ़ोतरी
CM ने कहा कि हरियाणा ने इस बार कुल 98% बजट खर्च किया है. यह इतिहास में पहली बार हुआ है. राजकोषीय घाटे में 2014 से 2024 तक 2.75% की बढ़ोतरी हुई है जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह 44% तक बढ़ गया था. सरकारी उपक्रमों के घाटे में तीन गुना की कमी आई है. उन्होंने बताया कि हरियाणा के नए जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा. 2026- 27 में अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी का तोहफा दिया जाएगा.
बैठक में होगी 6 नए कार्यों पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में ग्राम सभा में तीन बैठकें होंगी. ग्राम सभा की बैठकों में 6 नए कार्यों पर चर्चा की जाएगी जिनमें विकास, नशा निवारण, पेयजल, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और रखरखाव निरीक्षण शामिल हैं. विधायक भी ग्राम सभा की बैठकों में भाग ले सकते हैं.
