चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार की तरफ से हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) व एलाइड सर्विस भर्ती का सिलेबस जारी कर दिया गया है. जारी सिलेबस के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा का पेपर पहले के जैसा ही होगा. वहीं, मेंस के पैटर्न बदलने के बाद अब सिलेबस में भी बदलाव किया गया है जिस सिलेबस से यूपीएससी ऑल इंडिया सर्विस के लिए जनरल स्टडी के 4 पेपर लेता है. सिलेबस एचसीएस- एलाइड सर्विस के लिए निर्धारित कर दिया गया है.
HCS का सिलेबस जारी
ऐसे में जो युवा यूपीएससी की तैयारी कर रहे है उनके लिए यह एक प्लस पॉइंट है. यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं को इस बदलाव से लाभ होने वाला है. जो उम्मीदवार एचसीएस- एलाइड सर्विस के पुराने सिलेबस के मुताबिक तैयारी कर रहे थे उन्हें अब और पसीना बहाना होगा. सूत्रों के अनुसार, हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (एचपीएससी) की तरफ से जल्द ही भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा सकता है. प्रारंभिक परीक्षा अप्रैल में होना संभावित है.
61 पोस्ट खाली
इस भर्ती के तहत 150 से ज्यादा पद विज्ञापित किए जा सकते हैं. इनमें 25- 30 पद एचसीएस के हो सकते हैं. फिलहाल, हरियाणा में एचसीएस कैडर रिव्यू होने के बाद 61 पोस्ट रिक्त हो चुकी हैं. जैसा कि आप सब जानते हैं अंतिम बार यह परीक्षा साल 2023 में हुई थी. वर्ष 2024 और 2025 में भर्ती नहीं हुई है ऐसे में एचसीएस की पोस्ट और भी बढ़ने की संभावना है.
100 अंक का मुख्य परीक्षा
मुख्य परीक्षा के पैटर्न और सिलेबस को बदला गया है. कुल 6 परीक्षा होगी, सभी 6 पेपर 100 अंक के रहेंगे. कुल मिलाकर 600 अंक की परीक्षा रहेगी. इनमें 4 एग्जाम जनरल स्टडी के और दो अंग्रेजी व हिंदी के पेपर होंगे. विशेष बात यह है कि तीन पेपर में हरियाणा से जुड़े इश्यू से संबंधित प्रश्न भी पूछे जाएंगे. प्रश्न पत्र हिंदी- अंग्रेजी दोनों भाषा में तैयार किए जाएंगे. हर पेपर के लिए तीन घंटे का समय मिलेगा.भाषा या साहित्य पेपर को छोडकर उम्मीदवारों को सभी प्रश्न पत्रों के उत्तर अंग्रेजी या हिंदी में देने का ऑप्शन दिया जाएगा.
इंटरव्यू के लिए 75 अंक होंगे. मुख्य परीक्षा की कटऑफ 45% होगी. हिंदी व अंग्रेजी भाषा में दोनों में कम- से- कम 33% अंक लाना अनिवार्य रहेगा. दिव्यांग उम्मीदवार यदि 45% की कटऑफ तक नहीं जा पाते हैं तो यह सीमा घटाकर 35% तक की जा सकती है.
