चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने आज वित्त वर्ष 2026- 27 का वार्षिक बजट पेश किया है. बतौर वित्त मंत्री सीएम नायब सैनी ने 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है जो पिछले साल के बजट की तुलना में 10.28% ज्यादा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 1 लाख युवाओं को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी और इसके बाद इन्हें नौकरी दी जाएगी.

CM ने कहा कि हरियाणा ने इस बार कुल 98% बजट खर्च किया है. यह इतिहास में पहली बार हुआ है. राजकोषीय घाटे में 2014 से 2024 तक 2.75% की बढ़ोतरी हुई है जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह 44% तक बढ़ गया था. सरकारी उपक्रमों के घाटे में तीन गुना की कमी आई है. उन्होंने बताया कि हरियाणा के नए जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा.
हरियाणा में महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी
अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि यदि कोई महिला अपने नाम पर गाड़ी खरीदती है तो उसे टैक्स में 1% की छूट का लाभ मिलेगा. इलैक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर मिल रही 20% टैक्स छूट राशि में बढ़ोतरी की जाएगी. अच्छे ड्राइवर तैयार करने के लिए गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और अंबाला में ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे. महिलाओं की सुरक्षा के लिए सभी सरकारी बसों और टैक्सियों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाए जाएंगे.
CM ने कहा कि चंडीगढ़ व दिल्ली तथा गुरुग्राम जैसे शहरों से प्रमुख धार्मिक स्थलों खाटूश्याम, सालासर, हरिद्वार, अमृतसर व कटरा आदि की यात्रा के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की जाएगी. इसके अलावा कलायत, नरवाना, गन्नौर व कनीना में नए बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा. HSSC के परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान करने हेतु एक वेब पोर्टल बनाया जाएगा.
नए हाइवे का तोहफा
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाडवा, करनाल, जींद, डबवाली, लोहारू और अटेली में नए पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा. कुरुक्षेत्र में एक बड़े स्तर का अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस गेस्ट हाउस बनाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम- पटौदी रोड के हरसारू बाईपास से वजीरपुर होते हुए झज्जर तक नया सिक्स लेन हाइवे तथा फर्रूखनगर बाईपास का निर्माण किया जाएगा. इससे सड़क नेटवर्क के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और लोगों का सफर सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा.