चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने आने वाले समय में हर गांव और शहर को बस सेवा से जोड़ने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए परिवहन विभाग द्वारा नया रूट प्लान तैयार किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो पुरानी पॉलिसी में भी संशोधन किया जाएगा.

सभी गांवों को मिलेगी बसों की संख्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी गांवों को आपस में बस रूट के जरिए जोड़ते हुए सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि स्टूडेंट्स, नौकरीपेशा लोग, महिलाएं और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आवाजाही करने वाले लोगों का सफर आरामदायक हो सकें.
उन्होंने कहा कि अब बड़े शहरों में अस्पताल, कॉलेज, मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्रों इत्यादि सार्वजनिक जगहों के लिए सिटी बस सेवा का विस्तार किया जाएगा. इसके अलावा रेलवे की तर्ज पर हरियाणा रोडवेज की बसों में रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा ताकि लोग घर बैठे मोबाइल ऐप्लिकेशन से देख सकें कि बस कहां पहुंची हैं और बस स्टैंड पर किस टाइम तक आएगी. वहीं, महिलाओं की सुरक्षा के लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन लगाएं जाएंगे, जो सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े होंगे.
20 लाख हैप्पी कार्ड होंगे वितरित
सीएम ने कहा कि हरियाणा में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए अगले एक साल के भीतर 10 नए इलेक्ट्रिक बस स्टैंड स्थापित किए जाएंगे. इन जगहों पर चार्जिंग प्वाइंट्स और रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाएं जाएंगे ताकि पूरा दिन बिजली की सुविधा बरकरार रह सकें. उन्होंने बताया कि अब तक 20 लाख लोगों को हैप्पी कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और बहुत जल्द 20 लाख नए हैप्पी कार्ड वितरित किए जाएंगे जिसके बाद लोग हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में 1 हजार किलोमीटर प्रति वर्ष मुफ्त यात्रा की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे.
CM ने बताया कि अब ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा जिनके पास पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट नहीं होगा. इसके लिए पेट्रोल पंपों पर नंबर प्लेट स्कैनिंग कैमरे लगाए जाएंगे, जिसके बाद बिना PUC वाले वाहनों को पेट्रोल और डीजल नहीं दिया जाएगा.