चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से ग्रुप डी पदों का रिजल्ट संशोधित किया गया तो 361 चयनित उम्मीदवारों के सिलेक्शन पर खतरा आ गया है. इन चयनित उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद्द करने के लिए आयोग ने मुख्य सचिव को लेटर भेजा है. इस पत्र के आधार पर मुख्य सचिव द्वारा संबंधित अधिकारियों को आयोग का पत्र भेजकर 361 उम्मीदवारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए बोला गया है.

HSSC ग्रुप-D रिजल्ट संशोधित
कमीशन ने सरकार को सूचना दी है कि जब रिजल्ट संशोधित किया गया तो कुछ उम्मीदवारों का चयन अपनी कैटेगरी में रह गया जबकि 361 का चयन नहीं रह पाया. इन 361 उम्मीदवारों में ज्यादातर ईएसएम कैटेगरी के उम्मीदवार हैं. HSSC के 12 मार्च 2024के पत्र मुताबिक अनुसार, ग्रुप डी, कॉमन कैडर पदों के लिए विज्ञापन संख्या 01/ 2023 के तहत 497 उम्मीदवारों जिनमें कैटेगरी/ सब- कैटेगरी (491 ईएसएम, 5 पीएच और एक एससी) शामिल थे, जिन्हें एचकेसीएल पोर्टल के माध्यम से ई प्रोविजनल अपॉइंटमेंट लेटर जारी किए गए थे.
मिली प्रोविजनल परमिशन
उन्हें क्वालिफिकेशन और उनकी कैटेगरी से संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद संबंधित डिविजनल कमिश्नर/ डिप्टी कमिश्नर, पंचकूला के ऑफिस में अपनी सर्विस जॉइन करने की प्रोविजनल परमिशन दी गई थी. कैटेगरी/ सब- कैटेगरी के वेरिफिकेशन के बाद यह पता चला कि उम्मीदवारों की वास्तविक कैटेगरी/ सब- कैटेगरी और एचएसएससी द्वारा उम्मीदवारों को जिन कैटेगरी/ सब- कैटेगरी में सेलेक्ट किया गया है, वह समान नहीं है.
सिलेक्शन जोन में नहीं आते उम्मीदवार
इस बारे में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने 25 अप्रैल 2025 के पत्र में बताया है कि आयोग ने बताए गए कैंडिडेट्स की कैटेगरी/ सब- कैटेगरी को ठीक करने के बाद शेष रिजल्ट 10 अगस्त 2024 और 17 अक्टूबर 2024 को जारी कर दिए हैं जिसमें कुछ उम्मीदवारों को उनकी असली कैटेगरी/ सब- कैटेगरी और पहले की तरह चयनित कैटेगरी/ सब कैटेगरी के अनुसार फिर से चुना गया है. बाकी 361 उम्मीदवारों की अपनी सिलेक्शन कैटेगरी/ सब- कैटेगरी में सुधार के बाद भी वे सिलेक्शन जोन में नहीं आते हैं.
7 दिनों में बताएं कारण
ऐसे में आयोग द्वारा आग्रह किया गया कि मानव संसाधन विभाग (एचआरडी) के लेवल पर इन 361 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद्द कर दी जाए और आयोग को इसकी जानकारी दी जाए. पत्र में कहा गया कि इन बताई गई बातों को ध्यान में रखते हुए आपसे कहा जाता है कि इस नोटिस के मिलने की तारीख से 7 दिनों के अंदर कारण बताएं कि आपकी उम्मीदवारी (कैंडिडेचर) क्यों न रद्द कर दिया जाए.
आपको जवाब लिखकर, समर्थित दस्तावेजों के साथ खुद संबंधित डिविजनल कमिश्नर/ डिप्टी कमिश्नर, पंचकूला के ऑफिस में जमा कराना होगा. यदि निर्धारित वक्त में जवाब न दिया या सही कारण न बताया तो बिना किसी और नोटिस के आपकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी.