चंडीगढ़ | हरियाणा में पुलिस, वन और जेल विभाग की विभिन्न भर्तियों के तहत शारीरिक जांच परीक्षण (PST) और शारीरिक माप परीक्षण (PMT) का दौर 15 जून से शुरू होने जा रहा है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने पुलिस कांस्टेबल के 5500 पदों के लिए छह दिन का PST शेड्यूल जारी कर दिया है. इसके साथ ही, पात्र अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं.

आयोग ने विज्ञापन संख्या 13/ 2024, 02/ 2026 और 04/ 2026 के तहत पात्र अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी है. इन भर्तियों के लिए PMT का आयोजन 15 और 16 जून को किया जाएगा.
सुबह 5 बजे से होगा PST
पुलिस कांस्टेबल भर्ती का PST 15 जून से 20 जून तक रोजाना सुबह 5 बजे से सुबह 9:30 बजे तक आयोजित होगा. निर्धारित समय से आधा घंटा पहले ही प्रवेश बंद कर दिया जाएगा इसलिए अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा स्थल पर पहुंचना होगा. PMT के लिए जिन पदों के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है उनमें डिप्टी रेंजर, वार्डर (पुरुष एवं महिला), असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जेल, पुरुष एवं महिला कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी), सब-इंस्पेक्टर, फॉरेस्टर और फॉरेस्ट गार्ड शामिल हैं.
अगले चरण के लिए होगा चयन
विज्ञापन संख्या 13/ 2024 के तहत खेल कोटा श्रेणी में डिप्टी रेंजर, वार्डर, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जेल, पुरुष एवं महिला कांस्टेबल और सब-इंस्पेक्टर पदों के लिए रिक्तियों की संख्या से 10 गुना अभ्यर्थियों को PMT के लिए बुलाया गया है. फॉरेस्टर (विज्ञापन 02/ 2026) और फॉरेस्ट गार्ड (विज्ञापन 04/ 2026) के लिए रिक्तियों के मुकाबले 25 गुना उम्मीदवारों का चयन अगले चरण के लिए किया गया है.
4 बैचों में आयोजित
फॉरेस्ट गार्ड भर्ती का PMT 15 और 16 जून को चार बैचों में आयोजित होगा. पहला बैच सुबह 6:30 बजे, दूसरा 8:30 बजे, तीसरा 10:30 बजे और चौथा दोपहर 12:30 बजे रिपोर्ट करेगा. आयोग के अनुसार, पहले बैच के लिए सुबह 7 बजे, दूसरे के लिए 9 बजे, तीसरे के लिए 11 बजे और चौथे के लिए दोपहर 1 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा. फॉरेस्टर भर्ती और विज्ञापन 13/ 2024 के तहत आने वाले अन्य पदों के लिए PMT 16 जून को चौथे बैच में आयोजित किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर भविष्य में PMT के लिए बुलाए जाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है.