चंडीगढ़ | हरियाणा में प्रोपर्टी की खरीद-फरोख्त करने वालों के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) एक नई और शानदार योजना लेकर आया है. बता दें कि करोड़ों रुपये खर्च कर संपत्ति खरीदते समय सबसे बड़ी चिंता यही रहती है कि दस्तावेज सही हैं या नहीं और प्रापर्टी डीलर धोखाधड़ी में न फंसा दे.

अब इस समस्या का समाधान HSVP ने अपने नए प्राइवेट प्रापर्टी खरीद- फरोख्त पोर्टल के जरिए कर दिया है. यह पोर्टल खरीदार और विक्रेता दोनों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद प्लेटफॉर्म के रूप में सामने आया है.
हरियाणा में नया ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च
HSVP की ओर से शुरू किए गए इस ऑनलाइन पोर्टल पर केवल वेरिफाइड फ्रीहोल्ड प्रापर्टीज की ही खरीद-फरोख्त की जा सकती है. इससे फर्जी दस्तावेजों या विवादित संपत्तियों के खतरे को काफी हद तक खत्म कर दिया गया है. सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें किसी भी प्रकार का ब्रोकर या कमीशन शामिल नहीं है, जिससे लोगों को सीधे फायदा मिलेगा. इस पोर्टल की खासियत यह है कि यह दोनों पक्षों के लिए फायदे का सौदा बन रहा है. विक्रेता को ई- आक्शन प्रक्रिया के जरिए बेहतर दाम मिलने की संभावना जताई जा रही है.
इन शहरों से हुई शुरुआत
यह सुविधा पूरे हरियाणा के प्रमुख शहर पंचकूला के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद और रोहतक में भी उपलब्ध कराई जा रही है. इससे शहरी क्षेत्रों में प्रापर्टी लेनदेन का तरीका तेजी से बदल रहा है. HSVP ने बताया कि पोर्टल पर सूचीबद्ध संपत्तियों की ई-आक्शन 30 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक करवाई जाएगी. इच्छुक खरीदारों को 29 अप्रैल 2026 तक फ्री रजिस्ट्रेशन करना होगा.