चंडीगढ़ | हरियाणा में विधानसभा बजट सेशन चल रहा है. इस दौरान कई आ मुद्दों पर सवाल उठाए गए और चर्चा की गई. हरियाणा विधानसभा में बजट सेशन के दौरान युवाओं के रोजगार को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया गया. जैसा कि आप सब जानते हैं हरियाणा सरकार की तरफ से हरियाणा कौशल रोजगार निगम का गठन किया गया है. HKRN के तहत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाते हैं.
कैथल से कांग्रेस विधायक ने उठाया सवाल
हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के जरिए अब तक प्रदेशभर में 14,63,428 युवाओं द्वारा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया गया है. कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला के प्रश्न के लिखित उत्तर में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम द्वारा सदन पटल पर आंकड़े रखे गए. मंत्री ने बताया कि कुल 1,13,914 युवाओं को तैनाती या ट्रांसफर का लाभ मिला है.
मात्र 958 युवाओं की हुई भर्ती
इनमें से 97,051 पहले से कार्यरत कर्मियों का ट्रांसफर था, जबकि वास्तविक नई नियुक्ति मात्र 16,863 युवाओं को मिली है. इस तरह कुल पंजीकृत युवाओं में से करीबन 1.15 प्रतिशत को नई नौकरी मिली जबकि कुल तैनाती दर (स्थानांतरण सहित) लगभग 7.8 प्रतिशत रही है. पिछले साल यानि वर्ष 2025 में पूरे राज्य में सिर्फ 958 युवाओं की नई भर्ती की गई है.
