चंडीगढ़ | देशी साज- बाज के लिए मशहूर हरियाणवी म्यूजिक आजकल अपने नए अंदाज से चौतरफा सुर्खियों में छाया हुआ है. इसी कड़ी में हरियाणवी संगीत को शिखर पर ले जाने वाली नरवाना (जींद) निवासी कोमल चौधरी अपने गीतों की बदौलत करोड़ों लोगों के दिलों पर राज कर रही है. कोमल एक प्रसिद्ध हरियाणवी गायिका, संगीतकार और गीतकार हैं, जिन्होंने पूष्ठभूमि नृत्यांगना से क्षेत्रीय संगीत जगत में एक सनसनीखेज मुकाम हासिल किया है. हरियाणा के एक संयुक्त्त परिवार में पली-बढ़ीं, कोमल ने अपनी मेहनत, लगन और दमदार आवाज से विशेष पहचान बना ली है.

इस तरह हासिल की सफलता
गायिका बनने से पहले कोमल चौधरी हरियाणवी मनोरंजन उद्योग में बैकक्राउंड डांसर के रूप में काम करती थीं. 2021 में कोमल चौधरी ने हरियाणवी सिंगर अमनराज गिल के साथ मिलकर ‘यार बदमाश’ नाम से हरियाणवी गाना रिलीज किया. इसके बाद उन्होंने टूर धानी, मामलो गड़बड़, छोरा थार में आवे, डीजे पे लाट और वी आर जाट जैसे हिट गाने दिए. उनके काम में अक्सर पारंपरिक हरियाणवी लोक संगीत का समकालीन धुनों के साथ मिश्रण होता है, जिससे वे क्षेत्रीय संगीत जगत में एक विशिष्ट आवाज बन चुकी है.
लोकप्रिय हरियाणवी गाने
Over Confidence: यह गाना कोमल चौधरी के सबसे सफल गानों में से एक है, जिसे यूट्यूब पर करोड़ों बार देखा जा चुका है.
Kallo: अजय हुड्डा के साथ यह गाना काफी चर्चा में रहा और शादियों व पार्टियों में बहुत सुना जाता है.
Matko: राज मावर के साथ गाया गया यह गाना साल 2025 का एक बड़ा हिट रहा है.
Lamba Lamba Ghunghat: अजय हुड्डा और कोमल चौधरी की जुगलबंदी वाला यह गाना प्रशंसकों के बीच बेहद लोकप्रिय है.
Mera Balam Thanedaar: यह गाना कोमल चौधरी की गायकी के खास अंदाज को दर्शाता है. इस गाने को हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत में प्रसिद्धि मिल रही है. हाल ही में रिलीज हुई अनिल कपूर की वेब सीरीज थानेदार में भी इस गाने को गाया गया है.
Kaana Pe Baal: इस गाने को भी युवाओं का जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है.
इसके अलावा मासूम शर्मा के साथ गाए गए कई गीत परना, मेरे मित्र, महिला मित्र, सिर पर मोड़ आदि भी श्रोताओं द्वारा जमकर पसंद किए जा रहे हैं.
सफलता के शिखर पर कोमल
साल 2024 में कोमल चौधरी ने PTC Music Rising Star Marathon में Rising Star Duet Performance पुरस्कार जीता और फिल्म ‘कुड़ी हरियाणे वल दी’ के एक गीत से पंजाबी फिल्म पार्श्वगायक के रूप में पदार्पण किया.
मेरी जड़ें हरियाणा की मिट्टी में हैं और मेरी आवाज उसी मिट्टी की खुशबू लेकर चलती है. मैं बस अपने संगीत से हर दिल तक पहुंचाना चाहती हूँ- कोमल चौधरी