हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों के लिए आने वाला है बड़ा बदलाव, सरकार ने लिया ऐतिहासिक फैसला

चंडीगढ़ | हरियाणा रोडवेज (Haryana Roadways) के चालकों और परिचालकों के लिए सरकार ने कई अहम फैसलों पर सहमति जताई है. अब 8 घंटे की ड्यूटी पूरी करने के बाद काम करने वाले कर्मचारियों को ओवरटाइम का लाभ मिलेगा. मंगलवार को परिवहन मंत्री अनिल विज और रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा के बीच हुई बैठक में कर्मचारियों की 80 से 90 प्रतिशत मांगों पर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है. कर्मचारियों के वर्दी भत्ते में भी बढ़ोतरी की जाएगी.

Haryana Roadways Bus

गर्मी की वर्दी के लिए मिलने वाली राशि 1350 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये और सर्दी की वर्दी का भत्ता 1450 रुपये से बढ़ाकर 1780 रुपये करने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने मंजूरी दी है. इसी तरह जूता भत्ता भी 1000 रुपये से बढ़कर 1600 रुपये होगा.

परिचालकों की जल्द होगी भर्ती

रोडवेज में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए 700 परिचालकों के पद जल्द भरे जाएंगे. इसके अलावा 2072 नियमित परिचालकों की नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजा जा चुका है. ड्यूटी के दौरान चालकों और परिचालकों के साथ होने वाली झड़प या मारपीट की घटनाओं को देखते हुए प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है. परिचालकों के ग्रेड पे में बदलाव को लेकर दूसरे राज्यों की व्यवस्था का अध्ययन किया जाएगा. चालकों को हैवी पे ग्रेड देने और स्टैंड इंचार्ज के नए पद बनाने के मुद्दे पर भी दोबारा विचार होगा.

यह भी पढ़े -  विरोध के बीच जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने ली शपथ, बने हाईकोर्ट के 37वें चीफ जस्टिस

छुट्टियों और बोनस पर भी चर्चा

बैठक में कर्मचारियों को अर्जित अवकाश देने, ग्रुप- डी कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति और कैलेंडर अवकाश से जुड़े मामलों पर भी बातचीत हुई. परिवहन मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को हरियाणा रोडवेज की बसों की समय-सारिणी में जल्द बदलाव करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही, कर्मचारियों को 1 माहीने के वेतन के बराबर बोनस देने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष भेजी जाएगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.