हरियाणा में सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ी राहत, ट्रांसफर और प्रमोशन पर बनी सहमति

चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए कई अहम फैसलों पर सहमति बनी है. प्रदेश के 1500 क्लस्टर स्कूलों में उप प्रधानाचार्य (वाइस प्रिंसिपल) के नए पद सृजित किए जाएंगे. इसके साथ ही चाइल्ड केयर लीव (CCL) के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू होगा, लंबित एसीपी (वार्षिक सुनिश्चित पदोन्नति) मामलों का निपटारा किया जाएगा और रिक्त पदों के अनुसार प्रिंसिपल पदोन्नति प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जाएगा. ये निर्णय स्कूल काडर लेक्चरर एसोसिएशन (सलाह) और माध्यमिक शिक्षा निदेशक के बीच हुई बैठक में लिए गए.

School Student

बैठक में तय किया गया कि जिला शिक्षा अधिकारियों से आवश्यक जानकारी मिलते ही पात्र पीजीटी शिक्षकों की कन्फर्मेशन प्रक्रिया अगले सप्ताह शुरू कर दी जाएगी. वहीं लंबे समय से लंबित स्थानांतरण (ट्रांसफर) अभियान भी अगले दो सप्ताह के भीतर शुरू करने की तैयारी है.

स्कूल होंगे अपग्रेड

सरकार क्लस्टर स्कूलों में वाइस प्रिंसिपल के पद सृजित करने का प्रस्ताव तैयार कर रही है. साथ ही निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले हाई स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अपग्रेड किया जाएगा. रिक्तियां उपलब्ध होने पर प्रिंसिपल पदों पर पदोन्नति के लिए दोबारा आवेदन भी आमंत्रित किए जाएंगे. चाइल्ड केयर लीव (सीसीएल) की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने पर भी सहमति बनी है. साथ ही सीसीएल पर जाने वाले शिक्षकों के स्थान पर सेवानिवृत्त शिक्षकों का पैनल तैयार कर अस्थायी नियुक्तियां करने की योजना बनाई गई है.

इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा

बैठक में 10 प्रतिशत से कम बोर्ड परीक्षा परिणाम के आधार पर जारी चार्जशीट वापस लेने की मांग भी उठाई गई. संगठन का कहना था कि कई मामलों में संबंधित शिक्षक के विषय का परिणाम संतोषजनक होने के बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई. इसके अलावा, लंबित एसीपी मामलों के निपटारे, लेक्चरर पदनाम, मेडिकल लीव, 35:1 विद्यार्थी- शिक्षक अनुपात, शैक्षणिक कैलेंडर जारी करने, अवकाश के दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं चलाने और स्कूलों में भूगोल प्रयोगशालाएं स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.