चंडीगढ़ | हरियाणा में नशा तस्करों के लिए अब पुलिस से बच निकलना पहले जैसा आसान नहीं रहा. इसकी बड़ी वजह हरियाणा पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स बोल्ट, रैंबो और रोमियो हैं, जिन्होंने 2026 की पहली छमाही में कई बड़े ऑपरेशन सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई. वाहन की गुप्त बॉडी, खेत की मिट्टी, मकान की दीवार, गोदाम के कोने या सामान के बीच छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ, जहां सामान्य तलाशी और तकनीक भी कई बार नाकाम हो जाती है, वहां ये स्निफर डॉग सटीक संकेत देकर पुलिस को सीधे ठिकाने तक पहुंचा देते हैं.

हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने जनवरी से जून 2026 के बीच स्निफर डॉग्स की मदद से 48 एनडीपीएस मामलों का खुलासा किया. इन अभियानों में चिट्टा, स्मैक, गांजा, चरस, अफीम, डोडा पोस्त और चूरा पोस्त की बड़ी खेप बरामद की गई.
12 अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका
इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा बोल्ट, रैंबो और रोमियो की रही. बोल्ट ने 15, रैंबो ने 14 और रोमियो ने 12 अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. रैंबो की मदद से आदमपुर में 5 क्विंटल 50 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया, जो इस अवधि की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी गई. नशा तस्कर लगातार अपने तरीके बदल रहे हैं. कभी वाहन की सीटों के नीचे गुप्त चैंबर तैयार किए जाते हैं तो कभी खेतों, गोदामों और मकानों में मादक पदार्थ छिपाए जाते हैं. ऐसे मामलों में स्निफर डॉग्स पुलिस की सबसे भरोसेमंद कड़ी बनकर सामने आए हैं. कई बार इन्हीं के संकेत के बाद पुलिस उन जगहों तक पहुंची, जहां सामान्य तलाशी में कुछ मिलना मुश्किल था.
हैंडलर्स की कड़ी मेहनत
पहले 6 महीनों में हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी, कुरुक्षेत्र और हिसार जीआरपी सहित कई जिलों में संयुक्त अभियान चलाए गए. आदमपुर से 5.50 क्विंटल से अधिक डोडा पोस्त, फतेहाबाद से 10.160 किलोग्राम डोडा पोस्त और फरीदाबाद से गांजा, डोडा पोस्त व चरस की बड़ी खेप बरामद हुई. इन सफल अभियानों के पीछे स्निफर डॉग्स के साथ उनके हैंडलर्स की कड़ी मेहनत भी रही. सिपाही अनिल, सुनील, रीत, प्रदीप, विकास और रविंदर ने अपने डॉग्स के साथ बेहतर तालमेल बनाकर हर ऑपरेशन को सफल बनाया.
हर स्निफर डॉग और उसके हैंडलर को वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षित किया जाता है, ताकि ऑपरेशन के दौरान मिले संकेतों को तुरंत समझकर सटीक कार्रवाई की जा सके- संदीप सिंह कश्यप, ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त)