चंडीगढ़ | अमृत भारत योजना के तहत, देश भर में कई रेलवे स्टेशनों (Railway Station) का आधुनिकीकरण किया जा रहा है. इसी कड़ी में बहुत जल्द रेलयात्रियों को अब चंडीगढ़, मोहाली और कालका रेलवे स्टेशनों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. इन तीनों स्टेशनों के कायाकल्प का काम अंतिम चरण में पहुंचने के बाद IRCTC को यहां रेलयात्रियों के लिए फूड प्लाजा, रेस्टोरेंट, फास्ट फूड यूनिट और फीडिंग रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
मंदिर की तर्ज पर किया गया डिजाइन
IRCTC के प्रमुख क्षेत्रीय मैनेजर हरजोत संधू ने बताया कि तीनों स्टेशनों पर रेलयात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट और खाने- पीने से जुड़ी सुविधाएं जल्द ही शुरू कर दी जाएगी. उन्होंने बताया कि कालका रेलवे स्टेशन को विशेष रूप से धार्मिक दृष्टिकोण से सजाया गया है. इस स्टेशन की इमारत को कालका माता मंदिर की तर्ज पर डिजाइन किया गया है.
पंजाबी संस्कृति की झलक
- कालका रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार को 3 गुंबदों के साथ मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है और अंदर पारंपरिक शैली की सजावट की गई है. यहां यात्रियों के लिए एसकेलेटर, एसी वेटिंग रूम, बुकिंग काउंटर और पार्किंग, ठंडा पानी, शौचालय आदि सुविधाएं भी दी गई हैं.
- मोहाली स्थित साहिबजादा अजीत सिंह नगर स्टेशन को पंजाबी संस्कृति से जोड़ते हुए गुरुद्वारा शैली में डिजाइन किया गया है. स्टेशन भवन में सफेद रंग का प्रमुखता से इस्तेमाल किया गया है. साथ ही, दिव्यांग- जन अनुकूल सुविधाओं के साथ विस्तारित प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया और आधुनिक कैंटीन भी बनाई गई है.
- रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही तीनों रेलवे स्टेशनों पर निर्माण कार्य पूरी तरह से कंपलीट हो जाएगा. IRCTC यहां यात्रियों के लिए फूड प्लाजा, फास्ट फूड यूनिट्स, वेटिंग रूम, फीडिंग रूम और रेस्टोरेंट्स जैसी आधुनिक सुविधाओं का संचालन शुरू करेगा.
