चंडीगढ़ | हरियाणा में पेंशनधारकों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. प्रदेश सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत दी जाने वाली पेंशन, सब्सिडी तथा अन्य वित्तीय सहायता के वितरण को सुचारू बनाने के उद्देश्य से एक बड़ा फैसला लिया है.
पेंशनर्स के लिए खुशखबरी
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि बुढ़ापा पेंशन, लाडो लक्ष्मी योजना सहायता राशि सहित अन्य सभी पेंशन और सब्सिडी राशि हर महीने की 10 तारीख को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी. इसके लिए हर महीने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा भवन में एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित होगा जहां सक्षम अधिकारी द्वारा एक ही कमांड या बटन दबाकर लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन राशि हस्तांतरित की जाएगी.
इस संबंध में चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी द्वारा दिशानिर्देश जारी किए गए हैं. उन्होंने बताया है कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत दी जाने वाली सभी पेंशन, सब्सिडी और वित्तीय सहायता राशि, जिनमें बोर्ड व निगमों द्वारा संचालित योजनाएं भी शामिल हैं, अब हर महीने की एक निर्धारित तारीख को सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी.
हर महीने 10 तारीख को जारी होगी सब्सिडी और पेंशन!
हरियाणा सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत दी जाने वाली सब्सिडी, पेंशन तथा अन्य वित्तीय सहायता के वितरण को सुचारू बनाने के मकसद से बड़ा निर्णय लिया है।
अब ये सभी लाभ हर महीने की 10 तारीख को डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर प्रणाली…
— DPR Haryana (@DiprHaryana) March 13, 2026
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि वे आवश्यक डेटा समय पर उपलब्ध कराएं और सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें ताकि धनराशि के हस्तांतरण में किसी प्रकार की देरी न हो सकें. साथ ही सरकार ने सभी कार्यान्वयन एजेंसियों और अधिकारियों से इन निर्देशों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर इनका सख्त अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है.
पारदर्शी वितरण होगा सुनिश्चित
चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी ने कहा कि प्रदेश सरकार के इस कदम से पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा और भुगतान प्रकिया में तेजी आएगी. यह सुनिश्चित होगा कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक नियमित और प्रभावी रूप से पहुंच सकें. कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित होगा तो लाभार्थियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
