चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि इस वर्ष पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जन्मदिवस पर योजना के लिए निर्धारित वार्षिक आय सीमा को बढ़ाया जाएगा. अभी यह सीमा एक लाख रुपये है, जिसे बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किया जाएगा.

आय सीमा बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में नए परिवारों की बहन- बेटियों के लिए योजना का लाभ लेने का रास्ता साफ होगा. CM ने पात्र महिलाओं से अपील की है कि सितंबर से 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं योजना के लिए पंजीकरण करवाएं.
6,500 करोड़ का बजट
CM ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के बजट में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. आय सीमा बढ़ाए जाने के बाद योजना से जुड़ने वाली पात्र महिलाओं की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. सरकार की ओर से योजना के तहत लाभार्थियों को लगातार किस्तें भी जारी की जा रही हैं. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योजना की 10वीं किस्त भी जारी की है. इसके तहत 9 लाख 98 हजार बहन-बेटियों के बैंक खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपये सीधे DBT के माध्यम से ट्रांसफर किए गए.
2042 करोड़ से अधिक जारी
सरकार के अनुसार, दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 10 किस्तों में कुल 2,042 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है. योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है. आय सीमा बढ़ने के बाद अब पहले से अधिक परिवार इस योजना के दायरे में आ सकेंगे. सरकार सितंबर से नए पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है.