चंडीगढ़ | हरियाणा में प्रशासनिक इकाइयां जैसे मंडल, जिला, उपमंडल, तहसील, सब- तहसील, ब्लॉक्स, पंचायत और पंचायत समितियों के पुर्नगठन के संबंध में राज्य के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित मंत्री समूह की सब- कमेटी की बैठक 4 फरवरी को हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल पर होगी.
बैठक में सदस्य के रूप में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी उपस्थित रहेंगे.
पंचायत मंत्री की अध्यक्षता में गठित कमेटी
पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित मंत्री समूह की सब- कमेटी की पिछली बैठक में चार महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे, जिसमें महेंद्रगढ़ के मंडोला गांव को उप- तहसील सतनाली में और रेवाड़ी के गांव बरेली कलां को उप- तहसील पाल्हावास से निकालकर तहसील रेवाड़ी में शामिल किया गया है.
इसी प्रकार यमुनानगर के गांव गुन्दियाना को तहसील रादौर से निकालकर उप- तहसील सरस्वती नगर में और फरीदाबाद के सेक्टर- 15, 15A व सेक्टर- 16A को तहसील बड़खल से निकालकर फरीदाबाद के रजिस्ट्रेशन सेंगमेंट में सेक्टर- 21A और 22B को तहसील फरीदाबाद से निकालकर तहसील बड़खल के रजिस्ट्रेशन सेंगमेंट में शामिल करने का भी निर्णय लिया गया था.
आगामी 4 फरवरी को होने वाली बैठक में भी लोगों से प्राप्त आवेदनों पर कमेटी द्वारा विचार किया जाएगा. निर्धारित मानदंडों के अनुरूप में नए जिले, तहसील, उप- तहसील के संबंध में फैसला लिया जाएगा.
नए जिले
कैबिनेट सब- कमेटी के पास 5 नये जिले बनाने की मांग आई हुई है. इनमें हांसी, डबवाली, असंध, गोहाना और सफीदो शामिल है. हालांकि मानेसर को भी नया जिला बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन कैबिनेट सब- कमेटी के पास अभी तक लिखित में ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया है.
