चंडीगढ़ | ग्रुप सी सीईटी के बाद अब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ग्रुप डी की सरकारी नौकरियों के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) का आयोजन कराने की तैयारियों में लग गया है. आयोग की ओर से कोशिश की जा रही है कि इसे अगले एक महीने में आयोजित कर लिया जाये. तृतीय श्रेणी की सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) में 13.48 लाख अभ्यर्थियों में से 12.25 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुँचे.
हरियाणा सरकार व HSSC की खूब तारीफ
सीईटी के सफलतापूर्वक आयोजन के बाद इस परीक्षा की वजह से पूरे देश में हरियाणा सरकार और राज्य कर्मचारी चयन आयोग की काफ़ी सराहना की गयी है. किसी भी जिले से परीक्षा में व्यवधान या नकल व पेपर लीक माफिया की कोई सूचना नहीं आई. सीईटी परीक्षा की विशेष बात यह रही कि हर जिले में यातायात व्यवस्था सुगम रही तथा लोगों में बच्चों की सेवा करने का पूरा भाव दिखा.
करवाया गया गूगल सर्वे
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने सीईटी की परीक्षा संपन्न होने के बाद एक गूगल सर्वे कराने का फैसला भी लिया है, जिसमें पूछा जा रहा है कि आयोग व सरकार की तरफ से की गई व्यवस्थाओं तथा परीक्षा शैली से अभ्यर्थी कितने संतुष्ट हैं. अभ्यर्थियों से प्राप्त होने वाले सुझावों को ग्रुप डी की भर्तियों के लिए होने वाली सीईटी की परीक्षा में लागू किया जाएगा. इसके साथ ही, यह भविष्य में बेहतर पारदर्शी व अभ्यर्थी केंद्रित परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करने में सहायक होगा.
तीन साल पहले हुआ था सीईटी
HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर इस सर्वे के लिए एक लिंक भी शेयर किया है. इससे पहले करीब 3 साल पहले ग्रुप सी की भर्तियों के लिए हुई सीईटी की परीक्षा हुई थी. इसमें 11.50 लाख अभ्यर्थी बैठे थे, जबकि ग्रुप डी की भर्तियों के लिए हुए सीईटी में 8.50 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे. चेयरमैन की तरफ से भी कहा जा चुका है कि ग्रुप डी सीईटी के लिए जल्द ही पोर्टल खोला जाएगा. ऐसे में सभी उम्मीदवार अपने कागजात जारी रखें.
