चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार की तरफ से अब जनगणना की जाएगी. जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. इस बार की जनगणना पूर्ण रूप से डिजिटल होगी. जनगणना के पहले चरण की शुरुआत 1 मई 2026 से होगी. इस चरण में मकानों का सूचीकरण व आवास गणना की जाएगी. जनगणना के काम के लिए राज्य को केंद्र से 200 करोड़ रुपये की राशि आवंटित हुई है.
हरियाणा में जनगणना की तैयारी
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की तरफ से बताया गया कि डाटा की सटीकता व एकरूपता के लक्ष्य से प्रदेश में सभी प्रशासनिक सीमाओं को स्थिर (फ्रीज) किया जा चुका है. जनगणना पूरी होने तक इनमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. शिक्षकों को छोड़ जनगणना के लिए प्रतिनियुक्त कर्मचारियों की तैनाती फरवरी महीने में होगी. पहले चरण में करीबन 60 हजार सरकारी कर्मचारी गणनाकर्मी (इन्यूमरेटर) और पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किए जाएंगे. इस काम के लिए शिक्षकों एवं अन्य सरकारी कर्मचारियों को वरीयता मिलेगी.
कर्मचारियों को मिलेगा मानदेय
जनगणना हेतु गणना कर्मियों और पर्यवेक्षकों को प्रथम चरण के लिए 9 हजार रुपये और द्वितीय चरण के लिए 16 हजार रुपये यानी कुल मिलाकर 25 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा. यह मानदेय हर चरण का काम पूरा होने के बाद देय होगा. राज्य, मंडल, जिला और उपमंडल स्तर के अधिकारियों के लिए भी मानदेय मंजूर किया गया है. जनगणना- 2027 के लिए हरियाणा में 23 जिले होंगे जबकि 2011 में 21 जिले थे. उपमंडलों की संख्या भी 75 से बढ़कर 94 हो म चुकी है. वैधानिक नगर 80 से बढ़कर 88 हो चुके हैं जबकि जनगणना नगर 74 से घटकर 51 बच गए हैं. गांवों की संख्या 2011 के 6,841 की अपेक्षा अब 6,523 रह गई है.
जनगणना-2027 के लिए हरियाणा पूरी तरह तैयार।
पूरी तरह डिजिटल जनगणना का पहला चरण 1 मई 2026 से शुरू होगा। सुचारु एवं समयबद्ध संचालन हेतु केंद्र सरकार ने ₹200 करोड़ का बजट प्रावधान किया है।
मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक में… pic.twitter.com/hP82xw4MQS
— DPR Haryana (@DiprHaryana) January 3, 2026
डिजिटल होगी पूरी जनगणना
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि जनगणना अवधि के दौरान जनगणना से संबंधित अधिकारियों- कर्मचारियों का ट्रांसफर नहीं किया जाएगा. ग्राउंड लेवल पर प्रभावी निगरानी के लिए जनगणना- 2027 को मासिक जिलास्तरीय समीक्षा बैठकों के स्थायी एजेंडा में सम्मिलित किया जाएगा.
हरियाणा के जनगणना निदेशक ललित जैन ने कहा कि जनगणना का पूरा काम डिजिटल माध्यम से होगा. मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए शत- प्रतिशत डिजिटल प्री- टेस्ट किया गया है. यह टेस्ट पंचकूला, हिसार और फरीदाबाद में हुआ है जो सक्सेसफुल रहा है. इस प्री टेस्ट में एक लाख से ज्यादा आबादी को कवर किया गया है.
