चंडीगढ़ | हरियाणा में जनगणना 2027 की तैयारी काफी तेज गति से चल रही है. राज्य में जनगणना का पहला चरण मई 2026 से शुरू होने जा रहा है. जनगणना कार्य निदेशालय हरियाणा के निदेशक डॉ. ललित जैन की ओर से हरियाणा के मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया है व जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के ट्रांसफर पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया है.
पूरी होगी जनगणना
उनका कहना है कि राज्य, जिला, तहसील और ब्लॉक लेवल पर जनगणना अधिकारियों की नियुक्ति और ट्रेनिंग प्रोसेस शुरू हो चुकी है. ये सभी कर्मचारी जनगणना अधिनियम 1948 और जनगणना नियम 1990 के तहत अपनी जिम्मेदारियां संभालते है. जिन कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना में लगी हुई है, उनका ट्रांसफर 31 मार्च 2027 तक न किया जाए. जनगणना की प्रक्रिया दो मुख्य चरणों में पूरी की जाएगी.
भर पाएंगे खुद जानकारी
इस बार की जनगणना पूर्ण रूप से डिजिटल होगी. नागरिकों को पहली बार स्वःगणना की सुविधा भी प्रदान की जाएगी. इस नई सुविधा के अंतर्गत लोग ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर स्वयं ही अपने परिवार की जानकारी भर पाएंगे. 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक आम लोग पोर्टल पर जाकर खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भर पाएंगे. 1 मई से 30 मई 2026 तक मकानों की गिनती होगी. दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी. यह चरण फरवरी 2027 में पूरा होगा. इसमें घर- घर जाकर लोगों की जानकारी इकट्ठा की जाएगी और इसे दर्ज किया जाएगा.
